‘टॉक्सिक’ में इंटीमेट सीन्स पर ट्रोल हुईं कियारा, यश ने किया बचाव, हेटर्स को दिया जवाब
एक्ट्रेस कियारा अडवणी को उनकी अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक' में इंटीमेट सीन्स को लेकर काफी ट्रोल किया जा रहा है। इसी बीच साउथ सुपरस्टार यश में इस पर रिएक्टर किया और ट्रोलर्स को जवाब दिया।
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा अडवाणी जल्द ही फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आने वाली हैं। फिल्म के टीजर में कियारा आडवाणी की पहली झलक सामने आने के बाद से ही उन्हें फिल्म के इंटीमेट सीन्स को लेकर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बीती शाम को बेंगलुरु में फिल्म के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च के दौरान उनके को-स्टार यश ने कियारा को डिफेंड किया।
कल, बेंगलुरु के एक मॉल में टॉक्सिक के ट्रेलर लॉन्च इवेंट रखा गया। इस दौरान इवेंट में यश ने स्टेज पर आकर अपने को-स्टार्स के बारे में बात की। कियारा आडवाणी की तारीफ करते हुए यश ने कहा कि ट्रेलर में उनके किरदार की सिर्फ एक झलक दिखाई गई है।
उन्होंने कहा, 'आपने इस फिल्म में जिस तरह का किरदार निभाया है, उसकी सिर्फ एक झलक ट्रेलर में देखने को मिली है। आप अपने काम को लेकर बहुत डेडिकेटेड हैं। मैंने देखा है कि आपने इस फिल्म के लिए कितनी मेहनत की है। शुरुआत में हम सभी को लगा था कि जब इतने सारे कलाकार एक साथ होंगे तो कई तरह की परेशानियां आ सकती हैं लेकिन कियारा ने शुरुआत से ही बहुत जमीन से जुड़कर काम किया और खुद को इस फिल्म की सोच के लिए पूरी तरह समर्पित कर दिया।'
फिल्म टॉक्सिक में कियारा आडवाणी एक सर्कस परफॉर्मर नादिया का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के टीजर और गाने 'तबाही' में उनके और यश के किरदार के बीच रोमांस और कुछ इंटीमेट सीन्स दिखाए गए थे, जिन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके बाद कियारा को इन सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी किया गया।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने बिना किसी का नाम लिए ट्रोल्स को जवाब दिया। उन्होंने कियारा को सपोर्ट करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा वही करना चाहिए, जिस पर उन्हें खुद विश्वास हो। यश ने आगे कहा, 'एक एक्टर के तौर पर आपको जो कुछ भी झेलना पड़ता है, दुर्भाग्य से आपको उसकी परवाह नहीं करनी चाहिए। आप जिस चीज पर विश्वास करते हैं, वही करें। लोग आपको सेलिब्रेट करेंगे और आपके काम की सराहना भी करेंगे। बस इतना है कि हम अपने समय से थोड़ा आगे हैं।'
'टॉक्सिक' एक पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में यश और कियारा अडवाणी के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम किरदारों में नजर आएंगी। रिलीज हुए ट्रेलर में यश डबल रोल में नजर आए। वो फिल्म में पिता और बेटे, दोनों का किरदार निभा रहे हैं। ये फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।