दीवानी कोर्ट में कानून के रखवालों की भिड़ंत, वकीलों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

आगरा की दीवानी कोर्ट में दो वकीलों के बीच मारपीट का 56 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दोनों के बीच जमकर घूंसे चले और वे जमीन पर गिर पड़े। अन्य वकीलों और एसएसएफ जवानों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग किया। घटना 29 अप्रैल की बताई जा रही है, लेकिन अब तक किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

May 1, 2026 - 17:20
 0
दीवानी कोर्ट में कानून के रखवालों की भिड़ंत, वकीलों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल
दीवानी परिसर में दो वकील आपस में लड़ते हुए।

आगरा। कानून की रक्षा करने वाले ही जब आपस में भिड़ जाएं, तो नज़ारा चौंकाने वाला हो जाता है। ऐसा ही एक मामला आगरा की दीवानी कोर्ट से सामने आया है, जहां दो अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह करीब 56 सेकेंड का वीडियो दीवानी कोर्ट परिसर का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किसी बात को लेकर दो अधिवक्ता आपस में उलझ जाते हैं और देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल जाती है। दोनों वकील एक-दूसरे पर जमकर घूंसे बरसाते हैं। हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि मारपीट करते-करते दोनों जमीन पर गिर पड़ते हैं, लेकिन इसके बावजूद लड़ाई थमती नहीं।

बीच-बचाव में जुटे साथी अधिवक्ता

घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य अधिवक्ता बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आते हैं। कई लोग दोनों को अलग करने की कोशिश करते हैं, लेकिन गुस्से में भरे दोनों वकील किसी की सुनने को तैयार नहीं होते।

एसएसओ /एसएसएफ जवानों ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद एसएसएफ (स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स) के जवान तुरंत पहुंचते हैं। जवानों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों को अलग कराया और माहौल को शांत किया।

एक दिन पुराना बताया जा रहा वीडियो

सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो 29 अप्रैल का बताया जा रहा है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों अधिवक्ताओं के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में फिलहाल मामला औपचारिक कार्रवाई से दूर नजर आ रहा है।

व्यवस्था पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि अदालत परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं।