आगरा में स्मार्ट मीटर पर बवाल, महिलाएं मीटर सिर पर रखकर दफ्तर पहुंचीं, फेंककर किया विरोध

अकोला कस्बे में स्मार्ट मीटर के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने घरों से मीटर उखाड़कर बिजली विभाग कार्यालय में फेंक दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल बढ़ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटर बहाल करने की मांग की गई।

May 1, 2026 - 16:13
 0
आगरा में स्मार्ट मीटर पर बवाल, महिलाएं मीटर सिर पर रखकर दफ्तर पहुंचीं, फेंककर किया विरोध
स्मार्ट मीटर उखाड़कर फेंकतीं महिलाएं।

आगरा। जिले में बिजली विभाग द्वारा लगाए  जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर विरोध अब उग्र रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार को अकोला कस्बे में सैकड़ों महिलाओं और ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए और उन्हें सिर पर रखकर सीधे बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इस कदर था कि कई लोग बोरे में भरकर भी स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे और कार्यालय परिसर में उन्हें फेंककर अपना विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मौके पर ही धरने पर बैठ गए।

स्मार्ट मीटर मंजूर नहीं

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने साफ तौर पर कहा कि स्मार्ट मीटर उनकी समझ से बाहर हैं और उन्हें किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि इन मीटरों के लगने के बाद बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पुराने मीटरों को ही जारी रखा जाए। 

बढ़ते बिलों ने बढ़ाया असंतोष

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां बिजली बिल सीमित आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे खासकर ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के परिवारों में असंतोष गहराता जा रहा है।

किसान यूनियन के नेतृत्व में आंदोलन

इस पूरे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष राजवीर लवानिया द्वारा किया गया। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रशासन के सामने चुनौती

अकोला में हुआ यह प्रदर्शन अब प्रशासन और बिजली विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। जिस तरह से महिलाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की है, उससे यह संकेत मिल रहा है कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में और व्यापक रूप ले सकता है।