आगरा आईटीआई में बसपा पार्षद के पुत्र पर जानलेवा हमला, गमछे से गला दबाकर किया बेहोश

आगरा के बल्केश्वर स्थित आईटीआई कॉलेज में छात्र ऋषि कौशल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र का आरोप है कि तबीयत खराब होने पर घर जाने की अनुमति मांगने के दौरान शिक्षक से विवाद हुआ, जिसके बाद उसे पीटा गया। आरोप है कि बाहरी युवक ने गमछे से उसका गला दबाकर बेहोश कर दिया। गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र के पिता अरविंद मथुरिया बसपा के पार्षद एवं जिला महासचिव हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Nov 21, 2026 - 21:57
 0
आगरा आईटीआई में बसपा पार्षद के पुत्र पर जानलेवा हमला, गमछे से गला दबाकर किया बेहोश
घायल छात्र को ले जाते सहयोगी।

 

आगरा। बल्केश्वर स्थित आईटीआई कॉलेज में एक छात्र के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज में शिक्षक से विवाद होने के बाद बाहरी युवकों को बुलाकर छात्र ऋषि कौशल के साथ मारपीट की गई। एक युवक ने गमछे से उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।

घायल छात्र ऋषि कौशल सुशील नगर के पार्षद और बसपा के जिला महासचिव अरविंद मथुरिया का बेटा है। परिजनों ने कॉलेज के शिक्षक संजय उपाध्याय पर बाहरी युवकों को बुलाकर बेटे पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई पर परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हैं।

तबीयत खराब होने पर घर जाने की मांगी अनुमति, शिक्षक ने किया मना

ऋषि कौशल के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे की है। वह कॉलेज में कक्षा के अंदर मौजूद था। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब होने लगी। उसने शिक्षक से घर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन आरोप है कि शिक्षक ने उसे जाने से मना कर दिया। इसी दौरान कॉलेज में स्टेनो पहुंचा और ऋषि से तू-तड़ाक में बात करने को लेकर सवाल किया। ऋषि ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। उसे पीटते हुए कक्षा से बाहर ले जाया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्टेनो के भाई ने गमछे से दबाया गला, बेहोश होकर गिरा छात्र

पीड़ित छात्र का आरोप है कि कॉलेज के बाहर एक युवक आया और उसने खुद को स्टेनो का भाई बताया। इसके बाद युवक ने ऋषि के गले में गमछा डालकर गला दबा दिया। गला दबने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। ऋषि के मुताबिक, उसे करीब एक घंटे बाद होश आया। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार चल रहा है। घायल छात्र ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उसे कुछ होता है तो इसके लिए आईटीआई कॉलेज का पूरा स्टाफ जिम्मेदार होगा।

रैली की तैयारी में जुटे थे पिता, बेटे पर हमले की मिली सूचना

ऋषि के पिता अरविंद मथुरिया ने बताया कि वह शनिवार को होने वाली बसपा की रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान उन्हें बेटे के साथ मारपीट की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर बेटे की गंभीर हालत देखकर वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अरविंद मथुरिया सुशील नगर के पार्षद होने के साथ बसपा के जिला महासचिव भी हैं। घटना को लेकर परिवार में आक्रोश है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

प्राचार्य बोले- सूचना मिलते ही एंबुलेंस बुलवाई

आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर तत्काल एंबुलेंस बुलवाई गई। हालांकि, घायल छात्र के पिता उसे अपने साथ अस्पताल लेकर चले गए। घटना कमला नगर थाना क्षेत्र की है। छात्र के साथ कॉलेज परिसर में मारपीट, बाहरी युवकों के प्रवेश और गला दबाने के आरोपों ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मामले में पुलिस जांच और कार्रवाई का इंतजार है।