‘लायंस प्रयास’ ने बस्तियों में पहुंचाई हेल्थकेयर की रोशनी, ‘एक पहल' संस्था का रहा सहयोग

  आगरा। जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब प्रयास ने 'एक पहल' संस्था के सहयोग से रविवार को बूढ़ी का नगला, दयालबाग स्थित पंचायत घर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर में मधुमेह जांच को प्राथमिकता दी गई, जिसमें 200 से अधिक लोगों का परीक्षण किया गया। इनमें से कई में ब्लड शुगर लेवल अत्यधिक पाया गया, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा उचित परामर्श और जीवनशैली परिवर्तन संबंधी सुझाव भी दिए गए।

Jun 1, 2025 - 18:12
 0
‘लायंस प्रयास’ ने बस्तियों में पहुंचाई हेल्थकेयर की रोशनी, ‘एक पहल' संस्था का रहा सहयोग
बूढ़ी का नगला, दयालबाग स्थित पंचायत घर में लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों की जांच करते डॉ. संदीप अग्रवाल व डॉ. पारुल अग्रवाल। साथ में अध्यक्ष अशु मित्तल, शिप्रा बंसल, डॉ. परिणीता बंसल, रितेश मांगलिक आदि।

-स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक की मधुमेह जांच, कैंसर स्क्रीनिंग व निःशुल्क चश्मा-वितरण भी

शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल द्वारा मुख एवं छाती कैंसर जांच भी की गई, जबकि कुल 110 लोगों का पंजीकरण शिविर में हुआ।
साथ ही, 80 से अधिक लोगों को निःशुल्क चश्मे एवं दवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान उपस्थित डॉ. पारुल अग्रवाल और अन्य विशेषज्ञों ने भी हेल्थ काउंसलिंग की।

क्लब अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि यह प्रयास बस्तियों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में 35 मोतियाबिंद रोगियों का चयन हुआ था, जिनके ऑपरेशन डॉ. असीम अग्रवाल द्वारा कराए जा रहे हैं।

कोषाध्यक्ष शिप्रा बंसल ने जानकारी दी कि अगले सप्ताह आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड पंजीकरण शिविर भी यहीं आयोजित किया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य शिविर में सक्रिय भूमिका निभाने वालों में डॉ. परिणीता बंसल, रितेश मांगलिक, तान्या मांगलिक, डॉ. पारुल अग्रवाल, कुमार कृष्ण गोयल, दिव्या गोयल और अंशुमन बाबरी आदि शामिल रहे।
शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाएं 'एक पहल पाठशाला' के संस्थापक मनीष राय ने संभालीं। इसके अतिरिक्त, माया मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं इस्कॉन आगरा के सहयोग से ‘फूड फॉर लाइफ’ कार्यक्रम के अंतर्गत सैकड़ों लोगों को निःशुल्क भोजन भी वितरित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor