आगरा–जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा टला,कंटेनर में भीषण आग, लाखों का नुकसान

आगरा–जयपुर हाईवे पर पथौली नहर पुल के नीचे नोएडा से चेन्नई जा रहे फ्रिज से भरे कंटेनर में टायर फटने और हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद आग लग गई। हादसे में 118 में से 80–85 फ्रिज जल गए और करीब 10–11 लाख रुपये का नुकसान हुआ। चालक सुरक्षित है और कोई जनहानि नहीं हुई।

Jan 15, 2026 - 22:03
 0
आगरा–जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा टला,कंटेनर में भीषण आग, लाखों का नुकसान
इमेज फोटो

आगरा। आगरा–जयपुर हाईवे पर थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पथौली नहर पुल के नीचे नोएडा से चेन्नई जा रहे सैमसंग कंपनी के फ्रिज से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 10 से 11 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना दोपहर करीब एक बजे की है। मथुरा जनपद के थाना बलदेव क्षेत्र के गांव कचनऊ निवासी चालक दीपक शर्मा पुत्र सुरेश चंद शर्मा के अनुसार, कंटेनर में कुल 118 फ्रिज लदे हुए थे। जैसे ही वाहन पथौली नहर पुल के पास पहुंचा, अचानक कंटेनर का टायर फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से जा टकराया।

हाईटेंशन तारों की चपेट में आते ही कंटेनर में चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते आग भड़क गई। चालक दीपक शर्मा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी और बमुश्किल अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक 80 से 85 फ्रिज पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे, जबकि शेष फ्रिज भी आग और तेज गर्मी के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

चौकी इंचार्ज बिचपुरी मोहित मलिक ने बताया कि वाहन को नियंत्रित करने और बचाने के प्रयास में कंटेनर विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है।