नगला बूढ़ी हादसाः पांचों मृतकों के शव परिजनों को सौंपे, पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार
न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी में शुक्रवार की रात हुए हादसे में मृत पांचों लोगों के शवों का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यह दर्दनाक घटना एक तेज़ रफ्तार वाहन और असंयमित ड्राइविंग के घातक परिणामों का उदाहरण है। पांच परिवारों की खुशियां एक क्षण में मातम बन गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस त्वरित जांच कर रही है तथा मृतक परिवारों के लिए मुआवजे व राहत पर चर्चा जारी है।
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी में शुक्रवार रात लगभग 8:00 बजे बाद एक टाटा नेक्सन कार द्वारा तेज़ रफ्तार में कई लोगों को रौंदे जाने के भीषण हादसे में मृत पांचों लोगों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवारीजनों को सौंप दिए गये हैं। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अंतिम संस्कार में भी पुलिस की मौजूदगी रही। मृतकों के परिजन मुआवजे की मांग उठा रहे हैं तथा स्थानीय नेतृत्व व पुलिस के बीच मुआवजे पर वार्ता चल रही है। जिन पांच परिवारों ने अपनों को खोया है, वहां अभी भी कोहराम मचा हुआ है।
शवों के पहुंचते ही फिर मचा कोहराम
हादसे में मृत पांच लोगों में से तीन नगला बूढ़ी के थे। तीनों मृतकों (कमल, कृष्ण और बंटेश) के शव उनके घर पहुंचे तो मोहल्ले में कोहराम मच गया। बाद में तीनों शवों को पोइया घाट के शमशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस दौरान नगला बूढ़ी श्मशान घाट में पुलिस मुस्तैद रही। जोमैटो डिलीवरी ब्वाय भानु प्रताप मिश्र का शव उसके परिजन अपने आवास सेक्टर एक आवास विकास कॊलोनी पर लाए। बाद में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। वहीं बबली का शव उसके ससुराल वालों ने अपने कब्जे में लिया है।
हादसे के बाद बेहद चौकन्नी रही पुलिस, अप्रिय स्थिति नहीं बनने दी
इस हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर भारी फोर्स तैनात कर भीड़ को नियंत्रित किया तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा नहीं होने दी। मौके पर डीसीपी, एसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और सड़क पर भीड़ इकठ्ठी नहीं होने दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम भी कराया।
कल रात से ही गांव में भारी पुलिस बल तैनात था। आज सुबह एक बार फिर नगला बूढ़ी में सैकड़ों की भीड़ सड़क पर आ गई। मौजूद पुलिस बल ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। थोड़ी ही देर में एसीपी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एकत्रित लोग आंदोलन के मूड में थे, लेकिन एसीपी ने लोगों से बात की। मृतक परिवारों और गांव के प्रमुख लोगों ने मुआवजे की मांग उठाई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है।
नगला बूढ़ी की मेन रोड पर जब मौत ने मारा था झपट्टा
ज्ञातव्य है कि शुक्रवार रात करीब 8:00 बजे, दयालबाग के सौ फुटा रोड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही टाटा नेक्सन कार (चालक: अंशुल गुप्ता) ने सबसे पहले नगला बूढ़ी चौराहे के पास आवास विकास सेक्टर एक निवासी भानु प्रताप मिश्र (25 वर्ष) , जो जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय थे को टक्कर मारी। भानु सड़क पर उछल कर गिर गया और मौके पर ही मौत हो गई थी।
पहली टक्कर के बाद चालक ने कार की गति और तेज कर दी। आगे बढ़ते हुए कार ने बबली (42 वर्ष) और उनके पुत्र गोलू को पीछे से टक्कर मारी। बबली की घटनास्थल पर ही मृत्यू हो गई जबकि गोलू घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इसके बाद कुछ और आगे 60–70 मीटर तक भागती हुई कार डिवाइडर पर चढ़कर अनियंत्रित होकर हवा में उछली, कई बार पलटी और वहां गिरी, जहां पर लोग बैठे हुए थे। इसके परिणामस्वरूप तीन स्थानीय नागरिक कमल (23 वर्ष) पुत्र सतीश, कृष्ण (20 वर्ष) पुत्र महेश और बंटेश कुमार (50 वर्ष) । कार के नीचे दब गए और उनकी भी मृत्यु हो गई। इस तरह कुल पांच लोगों की घटनास्थल पर या इलाज के दौरान मृत्यु हुई तथा दो अन्य लोग घायल हुए।
पुलिस ने भीड़ से बचा लिया कार चालक
प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार कार चालक अंशुल गुप्ता तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। मौके पर जुटी भीड़ ने कार चालक अंशुल गुप्ता को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया था। संयोगवश मौके पर पुलिस मौजूद थी। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से ड्राइवर को मुक्त कराकर थाने भेजा। पुलिस जांच में वाहन और चालक से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटा रही है।