ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी अब रोबोट कर रहे हैं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी मदद मिल रही है, 400 डॉक्टर तीन दिनों तक करेंगे चर्चा
आगरा। उत्तर प्रदेश आर्थोपेडिक एसोसिएशन के तत्वावधान में सेंट्रल जोन की आज से तीन दिन तक चलने वाली कांफ्रेंस का शुभारंभ हो चुका है। देश भर से आए प्रतिष्ठित हड्डी रोग विशेषज्ञ इस क्षेत्र की नई तकनीक से अवगत कराएँगे।
कांफ्रेंस में देश भर के 400 से अधिक ऑर्थोपेडिक सर्जन, डॉक्टर, ट्रोमा सर्जन जुटे हैं। होटल क्लार्क शिराज में आज कांफ्रेंस का उदघाटन इंडियन आर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राम चड्ढा, डॉ. एससी गोयल तथा डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आयोजन समिति के सचिव डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कांफ्रेंस में सर्जरी की नई तकनीकों के साथ ही रोबोटिक्स सर्जरी पर भी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि सेंट्रल जोन के अंतर्गत छह प्रदेश आते हैं। जिसमें बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
इस सेमिनार में हड्डी की नई बीमारियों, स्पाइन, कंधा, कमर, घुटना आदि के आधुनिक उपचार पर विभिन्न सत्रों में चर्चा होगी।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. अरुण कपूर ने बताया कि कांफ्रेंस में नई तकनीक और संसाधनों के बारे में मरीजों के हितों पर चर्चा होगी। देश भर से 90 फैकल्टीज भी कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए आ चुके हैं।
सेमिनार में भाग लेने के लिए मुंबई के ट्रोमा सर्जन डॉ. बीडी तन्ना, हिप फ़्रैक्चर विशेषज्ञ शोल्हापुर के डॉ. शिवशंकर, हैंड सर्जन पुणे के डॉ. पंकज, ट्रोमा सर्जन बंगलुरु के डॉ. राजू, मैंगलोर के डॉ. अजीथ सिंह, कोलकाता के डॉ. राजीव रमन आदि विशेषज्ञ डॉक्टर्स आ चुके हैं। ये डॉक्टर्स विभिन्न सत्रों में अपने व्याख्यान देंगे।
तीन दिन में कई सेशन होंगे। कांफ्रेंस में कई पेपर भी प्रजेंट किए जाएंगे। चार वर्कशॉप होंगी। रोबोटिक सर्जरी के अलावा, दूरबीन विधि आदि पर भी चर्चा होगी।