चैंपियंस ट्राफी हाइब्रिड माडल में कराने को तैयार पाक

नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से पूरी दुनिया में हाइब्रिड मॉडल की चर्चा हो रही है। दरअसल, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान के पास है। यह लगभग सभी जानते थे कि इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम किसी भी सूरत में पाकिस्तान नहीं जाएगी पर सभी यह नहीं जानते कि क्रिकेट में हाइब्रिड मॉडल क्या होता है और यह कहां से आया।

Dec 1, 2024 - 12:04
 0
चैंपियंस ट्राफी हाइब्रिड माडल में कराने को तैयार पाक

पाकिस्तान 2025 चैंपियंस ट्रॉफी को हाइब्रिड मॉडल में कराने के लिए राजी हो गया है। भारत के पाकिस्तान जाने से मना करने के बाद इस टूर्नामेंट को सिर्फ इसी फॉर्मूले पर कराया जा सकता था। हालांकि, क्रिकेट में पहली बार हाइब्रिड मॉडल का उपयोग नहीं होने जा रहा है। इससे पहले भी ऐसी स्थिति बन चुकी है तब भी इस फॉर्मूले को अपनाया गया था। हालांकि, आईसीसी टूर्नामेंट में ऐसा पहली बार हो रहा है। 

क्रिकेट में हाइब्रिड मॉडल उसे कहते हैं, जब कोई क्रिकेट टूर्नामेंट किसी एक देश के बजाय दो देशों में खेला जाए, लेकिन उसकी मेजबानी सिर्फ एक देश के पास ही रहे। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया अपने मैच दुबई (संभावित देश) में खेलेगी या किसी दूसरे देश में खेलेगी, लेकिन टूर्नामेंट की मेजबानी पूरी तरह से पाकिस्तान के पास ही रहेगी। क्रिकेट में इसी तरह के मॉडल को हाइब्रिड मॉडल कहा जाता है। 

हाइब्रिड मॉडल 2023 में सबसे पहले चर्चा में आया था। दरअसल, 2023 एशिया कप की मेजबानी भी पाकिस्तान के पास थी। भारत ने इस एशियाई टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था। ऐसे में फिर यह टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेला गया था, तब भारत ने अपने मैच श्रीलंका में खेले थे। हालांकि, मेजबानी पूरी तरह से पाकिस्तान के पास ही रही थी। भारत और पाकिस्तान का मैच भी श्रीलंका में खेला गया था। यह फॉर्मूला तब के पीसीबी प्रमुख नजम सेठी ने तैयार किया था।