ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगे में लिपटी देशभक्ति, यमुना पार में गूंजा भारत माता की जय

आगरा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय सेना के शौर्य को नमन और राष्ट्रगौरव के उत्सव के रूप में आगरा के यमुना पार क्षेत्र में में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। एत्मादुद्दौला के रामबाग से नुनिहाई रोड तक निकाली गई यह पैदल तिरंगा यात्रा सैकड़ों युवाओं की देशभक्ति से सराबोर हो उठी।

May 21, 2025 - 19:45
 0
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगे में लिपटी देशभक्ति, यमुना पार में गूंजा भारत माता की जय
ऒपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए यमुना पार क्षेत्र में बुधवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा की झलक, जिसमें विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह भी दिखाई दे रहे हैं।

-एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा, महापौर और महानगर अध्यक्ष भी हुए शामिल

इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने किया। यात्रा में आगरा महानगर भाजपा के अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी मौजूद रहीं। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से आसमान गूंजा दिया।

देश के वीरों को समर्पित थी यह यात्रा

यात्रा का आयोजन भारतीय सेना के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के लिए आभार प्रकट करने हेतु किया गया था। इस दौरान रास्तेभर जोरदार आतिशबाजी हुई और देशभक्ति के गीतों से माहौल गुंजायमान रहा।

पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ ढंग से संभाला, जिससे श्रद्धा और अनुशासन दोनों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

युवाओं में दिखा जोश और गर्व

पैदल यात्रा में सैकड़ों युवाओं ने उत्साह से भाग लिया, जो हाथों में तिरंगा लिए, देश के लिए गर्व और सेना के सम्मान में शामिल हुए। देशभक्ति का यह उत्सव आगरा की सड़कों पर गर्व, समर्पण और एकता का प्रतीक बन गया।

SP_Singh AURGURU Editor