बरेली में शाहदाना बली उर्स जुलूस में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे लोग
-आरके सिंह- बरेली। बरेली में शाहदाना बली के उर्स के पहले दिन निकाले गए जुलूस में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने हाथों में आई लव मोहम्मद के पोस्टर उठाए और जुबां से यही नारा लगाया, जिससे विवाद का माहौल बन गया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी नबी की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त न करने और मोहम्मद के नाम पर हर कुर्बानी देने को तैयार होने का संदेश दे रहे थे।
उर्स की शुरुआत बुधवार को हुई और परंपरा के अनुसार पहले दिन जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान कुछ लोगों के हाथों में के पोस्टर थे और जुबां से आई लव मोहम्मद के नारे गूंज रहे थे।
इस विवाद की शुरुआत कानपुर से हुई थी और धीरे-धीरे यह मामला उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंच गया। बरेली में भी मुस्लिम बहुल इलाकों में कुछ जगहों पर यही पोस्टर देखे गए। जुलूस के माध्यम से लोग नबी की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त न करने का संदेश दे रहे हैं।
अब इस पूरे विवाद में नेताओं की भी एंट्री हो चुकी है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को बड़े धरने और प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं की रक्षा और नबी की शान के खिलाफ किसी भी प्रकार की अवमानना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।