कमला नगर जैन मंदिर में सिद्धचक्र विधान की भक्ति में डूबा पीएनसी परिवार, सांसद नवीन जैन ने पत्नी संग समर्पित किए 64 अर्घ्य

आगरा। कमला नगर के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के पांचवें दिन श्रद्धा और भक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार की ओर से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विधान मंडल पर 64 अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति एवं सामर्थ्य मिलने की मंगलकामना की गई।

Nov 21, 2026 - 22:31
 0
कमला नगर जैन मंदिर में सिद्धचक्र विधान की भक्ति में डूबा पीएनसी परिवार, सांसद नवीन जैन ने पत्नी संग समर्पित किए 64 अर्घ्य
श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में चल रहे श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के पांचवें दिन श्रीजी की पूजन-अर्चना एवं विधान की मांगलिक धार्मिक क्रियाएं करते पीएनसी परिवार के सदस्य।

डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित मंदिर में प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा की गई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना हुई। विधान की धार्मिक क्रियाओं में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में भाग लिया। उन्होंने परिवार के अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर 64 अर्घ्य समर्पित किए।

धन-संपत्ति की दौड़ में धर्म और परिवार को न भूलें: मुनिश्री

मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने प्रवचन में मनुष्य को जीवन की अंधी दौड़ और धर्म से बढ़ती दूरी पर आत्मचिंतन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने एक व्यक्ति का दृष्टांत सुनाया, जिसे सूर्योदय से सूर्यास्त तक जितनी भूमि नापने का अवसर दिया गया था। शर्त यह थी कि दिन ढलने से पहले उसे अपने शुरुआती स्थान पर लौटना होगा। अधिक से अधिक जमीन पाने की लालसा में वह लगातार दौड़ता रहा और लौटने में देर कर दी। थकान के कारण वह शुरुआती स्थान तक नहीं पहुंच सका। परिणामस्वरूप न उसे भूमि मिली और न ही उसका जीवन बचा।

मंगल आरती और भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

सायंकाल सात बजे श्रीजी की भव्य संगीतमय मंगल आरती आयोजित हुई। दीपों की रोशनी से सजे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर प्रभु के चरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित की। इसके बाद सागर से पधारीं कु. अहिंसा जैन एवं अंकुश जैन ने भजन संध्या में भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। मधुर भजनों और संगीत की लय पर महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। श्रद्धालुओं ने नृत्य के माध्यम से भी अपनी भक्ति और आस्था प्रकट की। देर शाम तक मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर रहा।

नौ दिवसीय आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पार्षद पंकज अग्रवाल, पार्षद मुरारी अग्रवाल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, पूर्व पार्षद जगदीश पचौरी, अमित चौधरी, प्रवीण जैन एवं दीपक जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मुनि श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी शुभम जैन, राहुल जैन, आगरा के जैन संगठनों के पदाधिकारी, जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor