सत्य की खातिर राजा हरिश्चंद्र ने त्यागा राजपाट, पत्नी-पुत्र से बिछोह की लीला ने दर्शकों को किया भावुक

वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में श्री कृष्ण लीला महोत्सव के दौरान शनिवार को पहली बार राजा हरिश्चंद्र की लीला का मंचन किया गया। सत्य, त्याग और वचन पालन के लिए राजपाट, परिवार और सुख-सुविधाएं त्यागने के प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। मुख्य अतिथि यज्ञाचार्य स्वामी रामदास ने आरती कर लीला का शुभारंभ किया। समिति ने 12 दिसंबर से 2150 कुंडीय महायज्ञ और करीब 50 करोड़ आहुतियों के लक्ष्य की जानकारी दी। रविवार शाम अक्रूर गमन और कंस वध के बाद विशाल पुतला दहन व आतिशबाजी होगी।

Nov 21, 2026 - 22:30
 0
सत्य की खातिर राजा हरिश्चंद्र ने त्यागा राजपाट, पत्नी-पुत्र से बिछोह की लीला ने दर्शकों को किया भावुक
वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में आयोजित श्री कृष्ण लीला महोत्सव के दौरान स्वामी रामदास जी स्वरूपों की आरती उतारते हुए।

वाटर वर्क्स गौशाला में पहली बार मंचित हरिश्चंद्र लीला ने जीवंत किया सत्य, त्याग और वचन पालन का संदेश, आज होगा कंस वध, पुतला दहन के साथ आतिशबाजी

आगरा। सत्य की राह कठिन जरूर होती है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों पर अडिग रहने वाला व्यक्ति ही इतिहास में अमर होता है। सत्य, त्याग और वचनबद्धता की ऐसी ही प्रेरणा शनिवार को वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में आयोजित श्री कृष्ण लीला महोत्सव में देखने को मिली। पहली बार महोत्सव में मंचित राजा हरिश्चंद्र की लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राजपाट, धन-संपत्ति और पारिवारिक सुख का त्याग करने से लेकर पत्नी और पुत्र से बिछोह तक के मार्मिक प्रसंगों ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।

कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से राजा हरिश्चंद्र के जीवन संघर्ष, सत्य के प्रति अटूट निष्ठा और वचन पालन की कठिन परीक्षा को मंच पर जीवंत कर दिया। श्मशान में कठिन परिस्थितियों के बीच जीवन बिताने और धर्म की मर्यादा निभाने के प्रसंगों ने दर्शकों को गहरे भावनात्मक अनुभव से जोड़ा। कलाकारों की मार्मिक अदाकारी पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

स्वामी रामदास ने भगवान श्रीकृष्ण-बलदेव की आरती कर किया शुभारंभ

शनिवार की लीला के मुख्य अतिथि देश के प्रमुख यज्ञाचार्य स्वामी रामदास जी रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और बलदेव के स्वरूपों की आरती उतारकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने स्वामी रामदास जी के निर्देशन में 12 दिसंबर से आगरा में आयोजित होने वाले विशाल महायज्ञ की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महायज्ञ में 2150 हवन कुंड बनाए जाएंगे, जिनमें पीतांबरा माता और भोलेनाथ का संयुक्त हवन होगा। हजारों श्रद्धालु एक साथ आहुतियां देंगे। महायज्ञ में करीब 50 करोड़ आहुतियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से महायज्ञ में भागीदारी कर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. रजनीश त्यागी, हरिनारायण चतुर्वेदी, जगदीश बागला, सुरेश कंसल, लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा, महिला शांति सेना की अध्यक्ष वत्सला प्रभाकर, साहित्यकार श्रुति सिन्हा, शीतल अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है राजा हरिश्चंद्र का जीवन

श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि राजा हरिश्चंद्र का जीवन संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, मनुष्य को सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। सत्य की राह कठिन जरूर होती है, लेकिन यही व्यक्ति को आत्मबल, सम्मान और महानता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राजा हरिश्चंद्र ईमानदारी, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और वचन पालन के आदर्श हैं। श्री कृष्ण लीला महोत्सव में पौराणिक प्रसंगों का मंचन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। लीला की व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, शेखर गोयल, संजय अग्रवाल, संजय गर्ग बड़े भाई, अशोक गोयल, बृजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, केसी अग्रवाल, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

कल होगा कंस वध, पुतला दहन के साथ होगी आतिशबाजी

लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि रविवार शाम 6:30 बजे अक्रूर गमन एवं कंस वध की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद कंस के विशाल पुतले का दहन होगा। आकर्षक आतिशबाजी के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। कंस वध की लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।