52 साल बाद बदल सकता है सलमान खान का पता! बांद्रा में बनने जा रहा समुद्र किनारे नया आलीशान आशियाना
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के नए घर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबर है कि खान परिवार मुंबई के बांद्रा स्थित समुद्र किनारे एक नए आलीशान आवास का निर्माण शुरू करने जा रहा है। सोशल मीडिया पर निर्माण स्थल और प्लॉट के वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है कि क्या सलमान खान जल्द ही अपने 52 साल पुराने गैलेक्सी अपार्टमेंट्स को छोड़कर नए घर में शिफ्ट होंगे।
जानकारी के अनुसार नया आवास बांद्रा के चिंबई क्षेत्र में समुद्र के सामने तैयार किया जाएगा। यह स्थान मौजूदा गैलेक्सी अपार्टमेंट्स से अधिक दूर नहीं है। निर्माण के लिए आवश्यक सरकारी अनुमतियां मिल चुकी हैं और परियोजना का काम शुरू होने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि जिस भूखंड पर नया आवास बनाया जाएगा, वह सलमान खान की मां सलमा खान के नाम पर दर्ज है।
टाइम्स ऒफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें भूतल, स्टिल्ट पार्किंग और छह मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। भवन के डिजाइन में सुरक्षा, गोपनीयता और पर्याप्त खुले स्थान पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि परिवार को अधिक सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिल सके।
खान परिवार का गैलेक्सी अपार्टमेंट्स से दशकों पुराना रिश्ता रहा है। वर्ष 1974 से परिवार इसी आवास में रह रहा है और सलमान खान भी आज तक अपने माता-पिता के साथ यहीं रहते आए हैं। ईद, जन्मदिन और अन्य खास मौकों पर प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए सलमान का गैलेक्सी अपार्टमेंट्स की बालकनी में आना भी उनकी पहचान बन चुका है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर हुई फायरिंग की घटना और उसके बाद बढ़ी सुरक्षा चिंताओं ने परिवार को अधिक सुरक्षित और निजी आवास की दिशा में सोचने के लिए प्रेरित किया। माना जा रहा है कि नया आवास इसी आवश्यकता को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
हालांकि नए घर के निर्माण की तैयारियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं, लेकिन सलमान खान या उनके परिवार की ओर से अब तक यह आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं बताया गया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर सलमान के प्रस्तावित नए घर की जमीन के वायरल हो रहे वीडियो और निर्माण संबंधी गतिविधियों ने प्रशंसकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।