आगरा में शमसाबाद थाने का रात ढाई बजे तक चला घेराव, पुलिस ने नहीं छोड़े तीनों युवक

आगरा। शमसाबाद में बीते बुधवार को एक मुस्लिम युवक की पिटाई प्रकरण को लेकर राजनीतिक घमासान खड़ा हो गया। शनिवार देर शाम पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया तो पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। उन्होंने तीनों युवकों की रिहाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर लिया और रात 2:30 बजे तक वहीं धरने पर डटे रहे। पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग इस बात पर अड़े रहे कि वे तीनों युवकों को अपने साथ लेकर ही जाएंगे। पुलिस ने यह मांग नहीं मानी। एक भी युवक को नहीं छोड़ा गया।

Aug 10, 2025 - 11:30
Aug 10, 2025 - 14:04
 0
आगरा में शमसाबाद थाने का रात ढाई बजे तक चला घेराव, पुलिस ने नहीं छोड़े तीनों युवक
तीन युवकों की गिरफ्तारी के विरोध में शमसाबाद थाने पर एकत्रित भीड़।

-पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह खुद भी जमे रहे थाने पर, मुस्लिम युवक पिटाई प्रकरण में तीनों युवकों की रिहाई की मांग कर रहे थे लोग

होटल में महिला संग युवक मिलने पर भड़के थे कार्यकर्ता

मामला बुधवार का है। आगरा रोड स्थित डीपी होटल में एक युवक सलमान को एक महिला के साथ होटल के कमरे में हिंदूवादी संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया था। होटल के कमरे से बाहर आते ही सलमान को देख कार्यकर्ता आगबबूला हो गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे इलाके में माहौल गरमा गया था।

दरअसल सलमान के साथ जो महिला होटल के कमरे में थी, वह साड़ी पहने हुए थी, इसलिए हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को लगा कि सलमान हिंदू महिला के साथ होटल में है। इसी को लेकर हिंदूवादियों ने सलमान की पिटाई की थी। जो महिला साथ मिली थी, उसके बारे में बताया जा रहा है कि वह सलमान के ही समुदाय की थी।

पुलिस ने कल शाम गिरफ्तार किए थे तीन युवक

घटना की सूचना मिलते ही शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सलमान को थाने ले आई। उधर होटल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच के दौरान शनिवार देर शाम पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया था।

गिरफ्तारी के विरोध में पूर्व विधायक के नेतृत्व में जुटी भारी भीड़

गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से युवकों की तुरंत रिहाई की मांग की और नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच भाजपा नेता शैलू जादौन भी अपने समर्थकों के साथ थाने पर पहुंच गए। दोनों नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। थाने पर भारी भीड़ थी और युवकों की रिहाई की मांग कर रही थी।

एसीपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए एसीपी गिरीश कुमार सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह और कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक डॊ. राजेंद्र सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच देर रात तक बहस चलती रही। पूर्व विधायक बार-बार यह कहते रहे कि वे तीनों युवकों को लेकर ही जाएंगे, जबकि पुलिस ने साफ मना कर दिया।

मेडिकल के बाद युवकों को किया गया शिफ्ट

रात भर चले इस गतिरोध के बीच पुलिस ने अंततः तीनों युवकों का मेडिकल कराया और उन्हें एक अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया। इस बात को लेकर भी स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत ऐसा किया गया।

कोर्ट में पेशी आज

पुलिस ने स्पष्ट किया कि तीनों युवकों को आज एसीपी के समक्ष कोर्ट में पेश किया जाएगा। घटना के बाद से ही शमसाबाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और इस प्रकरण में पूर्व विधायक की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

SP_Singh AURGURU Editor