अखण्ड ज्योति की अलख से गूंजा बरेली का सिंघा गांव, शांतिकुंज की ज्योति कलश यात्रा का स्वागत
बरेली। शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में निकाली जा रही अखण्ड ज्योति की अलख जगाने वाली ज्योति कलश यात्रा जब तहसील आंवला के गांव सिंघा पहुंची, तो पूरा क्षेत्र भक्ति, उत्साह और श्रद्धा के रंग में डूब गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संचालित इस दिव्य यात्रा का ग्रामीणों ने भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया।
शांतिकुंज हरिद्वार से निकली यह ज्योति कलश यात्रा अखण्ड ज्योति के पावन प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाने का एक विशाल आध्यात्मिक अभियान है। यात्रा के साथ चल रहे विद्वानों ने बताया कि इसका मुख्य संदेश है- हम स्वयं जागें और दूसरों को जगाएं, जो समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का आह्वान करता है।
इस यात्रा का उद्देश्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों, संस्कारों और युग निर्माण के संदेश को हर घर और हर गांव तक पहुंचाना है। शांतिकुंज की अखण्ड ज्योति से प्रज्वलित पवित्र दीप को कलश के रूप में लेकर यह यात्रा देशभर में भ्रमण कर रही है, जिसे श्रद्धा, आस्था और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।