आगरा में एक दिन की डीएम बनी छात्रा गुलाल: मिशन शक्ति 5.0 में नन्ही प्रशासक ने दिल जीत लिया
आगरा के कलेक्ट्रेट में शुक्रवार का दिन कुछ अलग ही था, जहां सामान्यतः अधिकारी जनता की समस्याएं सुनते हैं, वहीं आज उसी कुर्सी पर बैठी थी एक नन्हीं प्रशासक। स्कूल यूनिफॉर्म में आई बालिका गुलाल जब जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठी तो डीएम कार्यालय तालियों की गूंज से भर उठा। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत इस अद्भुत पहल में गुलाल को “एक दिन की जिलाधिकारी” बनने का अवसर मिला, और उसने अपनी समझदारी, आत्मविश्वास और संवेदनशीलता से सबका दिल जीत लिया।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षा परिषद के श्यामा देवी कंपोजिट विद्यालय की छात्रा गुलाल को एक दिन के लिए आगरा की जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने स्वयं गुलाल का स्वागत किया और अपनी सीट प्रदान कर औपचारिक रूप से उसे डीएम का पदभार सौंपा।
कार्यभार ग्रहण करते ही डीएम गुलाल ने न केवल जनसुनवाई की, बल्कि प्रशासनिक निर्णयों में अपनी परिपक्वता का परिचय भी दिया। पहले आवेदन में एक विद्यालय के बच्चों को फतेहपुर सीकरी भ्रमण हेतु अनुमति मांगी गई थी, जिस पर गुलाल ने आदेश देते हुए कहा कि शिक्षा से जुड़ी हर पहल का प्रशासन को समर्थन करना चाहिए। उन्होंने अधीक्षण पुरातत्वविद को नियमानुसार अनुमति देने के निर्देश दिए।
दूसरे मामले में मधुविहार फेस-2 झूलेलाल कॉलोनी के लोगों ने अवैध तबेले की शिकायत की। इस पर छात्रा डीएम गुलाल ने नगर निगम को मौके पर जांच कर निस्तारण करने के आदेश दिए।
इसके बाद उन्होंने एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला के साथ कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न कार्यालयों, जिलाधिकारी न्यायालय, अपर जिलाधिकारी कार्यालय, व राजस्व शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, दस्तावेजी प्रक्रिया, और निर्णय लेने की विधि की जानकारी दी गई।
गुलाल ने कहा- हर बेटी को अपने अधिकार जानने चाहिए
मीडिया से बातचीत में गुलाल ने कहा कि हर लड़की को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी समस्या को माता-पिता, खासतौर पर अपनी मां से साझा करने में हिचकना नहीं चाहिए।
उसने बताया कि वह भविष्य में अधिकारी बनकर गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना चाहती है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान ने बेटियों को आत्मविश्वास और पहचान देने का मौका दिया है।
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी बोले- गुलाल जैसी बेटियां प्रेरणा
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि गुलाल जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं। यह पहल प्रशासनिक समझ और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करती है।
मिशन शक्ति का लक्ष्य बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और आत्मसम्मान की भावना जागृत करना है। एक दिन की डीएम पहल इसके जीवंत उदाहरण के रूप में सामने आई है।