एशिया कप में भारत-पाक मैच पर सस्पेंस, फिर उठे पुराने सवाल
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में एक बार फिर तल्ख़ी आ गई है। इसका असर अब क्रिकेट पर भी साफ नजर आने लगा है। सितंबर 2025 में प्रस्तावित एशिया कप को लेकर यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या भारत-पाकिस्तान आमने-सामने होंगे या नहीं?
सरकार का स्टैंड साफ
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने हाल ही में कहा, हम पाकिस्तान के साथ किसी भी द्विपक्षीय श्रृंखला में हिस्सा नहीं लेंगे। यह सरकार का निर्णय है और हम उसी का पालन करेंगे।
आईसीसी और एसीसी के नियम अलग हैं
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुकाबला आईसीसी टूर्नामेंट और एसीसी इवेंट के तहत होता है तो भारत को भाग लेना होगा। ऐसे में एशिया कप, जो एशियाई क्रिकेट परिषद द्वारा आयोजित किया जाता है, में भारत-पाकिस्तान का आमना-सामना संभव हो सकता है।
मोहसिन नकवी की भूमिका अहम
गौरतलब है कि एसीसी के मौजूदा अध्यक्ष पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन रजा नकवी हैं। उनके रहते भारत के लिए यह आसान नहीं होगा कि वह पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर करने का दबाव बना सके, जैसा कि 2025 की चैंपियंस ट्रॊफी में देखा गया था।
मेजबानी पर भी सस्पेंस
अब तक यह भी साफ नहीं है कि एशिया कप की मेजबानी कौन करेगा। पाकिस्तान के नाम पर विवाद की स्थिति में टूर्नामेंट किसी अन्य देश, यानी दुबई या श्रीलंका में कराया जा सकता है।
अब सभी की निगाहें एसीसी की अगली बैठक पर टिकी हैं। क्या भारत-पाक क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर मैदान पर दिखेगी या राजनीति इसकी रुकावट बनेगी? जवाब आने वाले हफ्तों में मिलेगा।