यूपी के युवाओं में देश-दुनिया को नेतृत्व देने की क्षमता- मुख्यमंत्री योगी

- सीएम योगी ने एक हजार युवा उद्यमियों को 50 करोड़ ब्याज व गारंटी मुक्त ऋण बांटा। - ओडीओपी के अन्तर्गत प्रशिक्षुओं को टूल किट का किया वितरण।

Mar 7, 2025 - 20:51
 0
यूपी के युवाओं में देश-दुनिया को नेतृत्व देने की क्षमता- मुख्यमंत्री योगी
यूपी के युवाओं में देश-दुनिया को नेतृत्व देने की क्षमता- मुख्यमंत्री योगी

आगरा। अब उत्तर प्रदेश भारत की आध्यात्मिक आत्मा का प्रतिनिधित्व करते हुए विरासत व विकास की ऊचाइयों को प्राप्त करने को लालायित है। उत्तर प्रदेश इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश के अंदर सर्वाधिक युवा उत्तर प्रदेश में ही रहता है। ये भरपूर ऊर्जावान और प्रतिभा संपन्न हैं। यूपी का युवा देश- दुनिया को नेतृत्व देने की क्षमता रखते हैं। 

सर्किट हाऊस स्थित राजकीय उद्यान के मैदान पर सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत एक हजार युवाओं को ब्याजमुक्त, गारंटीयुक्त मंडलीय ऋण वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे युवा उद्यमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अवसर हैं हमारे पास। अब उत्तर प्रदेश को कोई बीमारू राज्य नहीं कहेगा। अब यूपी के युवाओं के सामने कोई पहचान का संकट खड़ा नहीं कर सकता। अब उत्तर प्रदेश माफिया, दंगा मुक्त हो चुका है। ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश में 56 से 60 फीसदी युवा है। 

सीएम योगी ने कहा कि युवाओं की सामर्थ्य को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने 24 जनवरी 2025 को सीएम युवा उद्यमी योजना को आगे बढ़ाया है, जिसमें कोई भी युवा प्रधानमंत्री मोदी के स्टार्टअप संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए अपना स्टार्टअप प्रारंभ कर सकता है। सरकार उस युवा को मार्जिन मनी के साथ साथ ब्याज मुक्त, गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। 

मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह योजना 24 जनवरी 2025 को शुरू की गई थी। जिसका वार्षिक लक्ष्य एक लाख युवाओं को स्वरोजगार हेतु ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराना था। परन्तु अभी योजना को शुरू किये हुए कुछ माह ही व्यतीत हुए हैं और 1.5 लाख युवाओं ने आवेदन भी कर दिया है। इन आवेदनों की समीक्षा विभिन्न बैंकों के माध्यम से करायी जा रही है। जिसमें से 25 हजार आवेदनकर्ताओं का ऋण स्वीकृति के साथ साथ 10 हजार आवेदनकर्ताओं को ब्याज रहित ऋण उपलब्ध भी करा दिया गया है। 

उन्होंने कहा कि कल उनके द्वारा गोरखपुर व बस्ती मण्डल के 2.5 हजार युवाओं को योजना से लाभान्वित किया गया है और आज पुनः आगरा में एक हजार युवाओं को ऋण वितरण का कार्यक्रम किया जा रहा है। इस योजना के द्वारा युवा स्वरोजगार स्थापित कर अन्य युवाओं को भी रोजगार देने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि 16वीं शताब्दी तक दुनियां की अर्थ व्यवस्था में भारत का योगदान तीसरे स्थान पर था, परन्तु आजादी के बाद 2014 तक 11वें स्थान पर आ गया था। हमें देश के प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए कि उन्होंने अपनी दूरगामी सोच के अनुरूप कार्य करते हुए, जब देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा था, तब ब्रिटेन को पीछे करते हुए देश को वैश्विक अर्थ व्यवस्था में पांचवे स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया है। आगामी दो वर्षों में देश तीसरे स्थान पर आने के लिए अग्रसर है। जिससे देश की जीडीपी बढ़ेगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। देश के प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि भी होगी और नया भारत विकसित भारत बनकर विश्व के नेतृत्व में अपना योगदान देगा। 

मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस योजना के अन्तर्गत 31 मार्च तक एक लाख युवा उद्यमियों को ऋण उपलब्ध करा दिया जायेगा और 01 अप्रैल से नये एक लाख युवाओं को ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए नये गंतव्य के रूप में प्रदेश की पहचान बनी है, टूरिस्ट के रूप में भी प्रदेश की पहचान बनी है। प्रदेश में निवेशकर्ताओं द्वारा 900 करोड़ का निवेश किया जा रहा है। जिससे युवाओं को और अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। निवेशकर्ताओं द्वारा प्रदेश में निवेश किये जाने का कारण यह भी है कि प्रदेश में अपराधियों व माफियाओं पर नकेल कसकर आज उ.प्र. भयमुक्त प्रदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

विश्व कर रहा है नये भारत का दर्शन 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी की सामर्थ्य क्या है, ये देश दुनियां देख रही है। भारत की सामर्थ्य को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व 10 वर्ष से महसूस कर रहा है। विकास की नई ऊंचाई और नए भारत का दर्शन कर रहे हैं । जो भारत संस्कृति और समृद्धि का, विरासत-विकास का , आस्था-आजीविका का एक अद्भुत संगम को आगे बढ़ाकर एक नए भारत का दर्शन करा रहा है। इस नए भारत में किसी के साथ भेदभाव नहीं है। सुरक्षा सबको, समृद्धि सबको, आगे बढ़ने का अवसर सबको, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं। सबका साथ और सबके विकास के भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। 10 वर्ष पूर्व मोदी जी ने सबके साथ सबके विकास का उद्घोष किया था, जिसका वृहद स्वरुप अभी महाकुंभ प्रयागराज में देखने को मिला था।