शादियों में कैश और गहने पार करने वाले गिरोह के दो सदस्य पकड़े

आगरा। आगरा पुलिस ने शादी समारोहों से कैश और गहने पार करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें एक बाल अपराधी है, जिसके जरिए गैंग का सरगना कैश और गहनों के बैग को पार कराया करता था।

Mar 5, 2025 - 18:19
 0
शादियों में कैश और गहने पार करने वाले गिरोह के दो सदस्य पकड़े
सिकंदरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त प्रशांत पुलिस टीम के साथ।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के दो बरात घरों में पिछले दिनों कैश और गहनों के बैग चोरी होनी वारदातें हुई थीं, जिनकी रिपोर्ट थाने में विगत चार मार्च को दर्ज कराई गई थी। इनमें चोरी की एक वारदात एक मार्च तथा दूसरी 3 मार्च को हुई थी। पहली वारदात में चुराए गए पर्स में ढाई लाख रुपये, गहने और फोन चोरी होने का जिक्र था जबकि दूसरी वारदात में भी ढाई लाख, फोन और व अन्य सामान चोरी हुआ था। 

थाना पुलिस ने एक मुखबिर की सूचना पर शास्त्रीपुरम स्थित दिव्या रिसोर्ट में शादी के दौरान वारदात के इरादे से मौजूद अभियुक्त प्रशांत और एक बाल अपराचारी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से ढाई लाख से ज्यादा कैश और मोबाइल बरामद किया। 

पुलिस गिरफ्त में आने के बाद प्रशांत ने एक और तीन मार्च को सिकंदरा क्षेत्र के मैरिज होम में चोरी के गुनाह कबूल कर लिये और बताया कि वे मध्य प्रदेश से चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए आगरा आते थे। आगरा में रेलवे स्टेशन से प्रमुख मैरिज होम में पहुंचते थे। गिरोह के बाल सदस्य को अच्छे कपड़े पहनाकर अंदर भेजा जाता था। यह बालक शादी वाले परिवार के उसी सदस्य के आसपास रहता था जिसके हाथ में बैग लगा होता था। फोटोग्राफी आदि के समय बैग रखते ही यह बालक उसे पार कर देता। इसके बाद गिरोह फिर से रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मध्य प्रदेश लौट जाता। रेलवे स्टेशन पर उनका साथी बंटी मिल जाता था। प्रशांत ने यह भी कबूल किया कि इस बार भी चोरी के इरादे से ही आगरा पहुंचा था। 

अभियुक्त प्रशांत मध्य प्रदेश के रायगढ़ जिले के गुलखेड़ी निवासी गणेशी सांसी का पुत्र है जबकि दूसरा बाल अपचारी है।