वाटर वूमेन शिप्रा पाठक ने दिया जल संरक्षण का संदेश, विश्वविद्यालय में सिंदूर पौधे का किया रोपण

बरेली। जल और वृक्ष संरक्षण के लिए देशभर में जागरूकता फैला रही वाटर वूमेन शिप्रा पाठक ने शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कृषि की स्थिरता बनाए रखने के लिए जल संचयन और संरक्षण को अत्यावश्यक बताया।

Jun 29, 2025 - 10:21
 0
वाटर वूमेन शिप्रा पाठक ने दिया जल संरक्षण का संदेश, विश्वविद्यालय में सिंदूर पौधे का किया रोपण
बरेली में विवि परिसर में सिंदूर का पौधा रोपतीं वाटर वूमेन शिप्रा पाठक।

पंचतत्व फाउंडेशन की संस्थापक शिप्रा पाठक ने इस मौके पर सिंदूर का पौधा लगाया। मूलतः बदायूं जनपद निवासी शिप्रा पाठक मां नर्मदा की अकेली परिक्रमा करके चर्चा में आई थीं। उन्होंने एक करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है और विभिन्न राज्यों में पदयात्रा कर रही हैं।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि जल और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं। विश्वविद्यालय द्वारा सिंदूर के 200 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिसर में चंदन वाटिका में 100 से अधिक चंदन के वृक्ष, पादप उद्यान में औषधीय, मसालेदार और फलदार पौधे लगाए गए हैं। साथ ही स्मृति वाटिका और योग वाटिका की भी स्थापना की गई है।

इस अवसर पर प्रो. संजय गर्ग, प्रो. जे.एन. मौर्य, प्रो. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पांडेय, डॉ. विजय सिंघल, तपन वर्मा सहित कई शोधार्थी, विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बॉटनिकल गार्डन सहित परिसर की विभिन्न वाटिकाओं का अवलोकन किया।

SP_Singh AURGURU Editor