दयालबाग में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला पर पीछे से चाकू से हमला, सनसनी फैली
दयालबाग के अदनबाग में मॉर्निंग वॉक पर निकली 50 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला। अज्ञात युवक पीछे से आया और कमर में चाकू मारकर फरार हो गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में रेफर किया गया। सीसीटीवी में एक संदिग्ध युवक नजर आया, जांच जारी। पुलिस को हमले के पीछे किसी परिचित के शामिल होने की आशंका।
आगरा। आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित दयालबाग के अदनबाग इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकली 50 वर्षीय सोना देवी पर अज्ञात युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। वारदात सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। हमलावर महिला की कमर में चाकू मारकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सोना देवी के शोर मचाने पर आसपास टहल रहे लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। चाकू उनकी कमर में धंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुष्पांजलि बाग कॉलोनी निवासी सोना देवी रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकली थीं। वह नगला बूढ़ी से जतिन रिसॉर्ट होते हुए सौ फुटा रोड की तरफ आईं और वहां से अदनबाग की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक सुनसान हिस्से में, जहां एक ओर खेत की दीवार और दूसरी ओर पार्क है, पीछे से आए युवक ने अचानक हमला कर दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक संदिग्ध युवक फुटेज में दिखाई दिया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वही हमलावर है या नहीं। पुलिस के अनुसार सोना देवी के पति विष्णु अग्रवाल का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने बेटे मनोज और एक बेटी के साथ रहती हैं। परिवार की ओर से किसी प्रकार के पुराने विवाद से इनकार किया गया है। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इलाज जारी होने के कारण अभी उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सका है।
पुलिस को आशंका है कि हमले के पीछे किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सुबह की सैर पर निकले लोगों के साथ लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।