गैंगरेप पीड़िता की सुनवाई न होने पर महिला आयोग अध्यक्ष हैरान, पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश 

आगरा। मेरे साथ पड़ोस के युवकों ने गेंगरेप किया। पुलिस में शिकायत की, फिर भी सुनवाई नहीं हो रही मैडम जी। मेरी युवकों ने डरा- धमका कर अश्लील वीडियो बना ली। इसकी पुलिस में शिकायत भी की गई पर अपराधी खुले घूम रहे हैं। गैंगरेप के मामलों को पुलिस द्वारा हल्के में लिए जाने पर आयोग अध्यक्ष ने हैरानी जताई और मौजूद पुलिस अधिकारी से नाराज़गी भी व्यक्त की। 

Oct 21, 2024 - 22:20
Oct 21, 2024 - 22:51
 0
गैंगरेप पीड़िता की सुनवाई न होने पर महिला आयोग अध्यक्ष हैरान, पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश 
आगरा के सर्किट हाउस में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक करतीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान।

कुछ ऐसी ही वेदना लेकर दो दर्जन से अधिक महिलाएँ सर्किट हाउस में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान से मिलने पहुँचीं। महिलाओं ने अपने साथ मारपीट और हिंसा की भी शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का दुखड़ा रोया। सुनवाई और अधिकारियों के साथ बैठक क़रीब पाँच घंटे चली।

आयोग की अध्यक्ष चौहान ने मौक़े पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अलावा संबंधित थानों में फ़ोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वे सारी लिखित शिकायतों को कल पुलिस कमिश्नर के पास कार्रवाई के लिए भेजेंगी। यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो दोषियों के ख़िलाफ़ आयोग एक्शन लेगा।

आयोग अध्यक्ष ने जिला स्तरीय  अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित समस्त  योजनाओं के बारे में समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त योजनाओं का लाभ समाज के सबसे नीचे वाले व्यक्ति तक पहुंचे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही ना हो। 

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एसीपी सुकन्या शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी,  मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त,  महिला थाना अध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

महिला आयोग अध्यक्ष बबिता चौहान ने बताया कि आगरा में वन स्टॉप सेंटर की कमी है। इसके निर्माण के लिए संम्बधित विभाग को ज़मीन तलाशने को निर्देश दिए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor