यमुना दिवाली मेले दीपदान के साथ समापन, नगर निगम की पहल को सबने सराहा
आगरा। मां यमुना की पावन तलहटी से सटे आरती स्थल पर आगरा नगर निगम के तीन दिवसीय यमुना दिवाली मेले का आज शाम पंडित हरिदत्त शर्मा द्वारा प्रस्तुत भजनों के साथ समापन हो गया।
दिन ढलते ही अनेकों शहरवासियों ने आरतीस्थल पर गोबर के दीपकों को प्रज्वलित करना प्रारंभ कर दिया। ये क्रम देर शाम तक चलता रहा। यमुना मैया की भव्य आरती पंडित जुगल किशोर ने बल्लभ गुरु के सहयोग से कराई। अंतिम सत्र की अध्यक्षता डॉ देवाशीष भट्टाचार्य ने की। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आगरा नगर निगम के अधिकारियों तथा सफाई कर्मियों की प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने मेले के समापन की घोषणा करते हुए आशा व्यक्त की कि नगर निगम स्थानीय मेला, उत्सव, नुमाइशों के आयोजन से अतीत की विरासत को प्रोत्साहित करेगा।
यमुना मेले के माध्यम से नगर निगम ने शहर की जनता को आगरा की जीवन रेखा, यमुना मैया से जोड़ने का प्रयास रंग लाएगा और शीघ्र ही यमुना बैराज का निर्माण भी शुरू होगा। स्वच्छता के विराट यज्ञ में हर शहरवासी की सक्रिय भागीदारी हो, तभी स्थाई परिणाम निकलेंगे।
कार्यक्रम में देवेंद्र गौतम, चतुर्भुज तिवारी, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर और अन्य यमुना भक्त उपस्थित रहे।