मां की याद में हरियाली की सौगात: सेवा आगरा ने शुरू किया ‘एक पेड़, मां के नाम’ अभियान
आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस से पहले शहर में एक भावनात्मक और पर्यावरणीय पहल की शुरुआत हुई। सेवा आगरा द्वारा मंगलवार को बल्केश्वर स्थित एकता पार्क में "एक पेड़, मां के नाम" पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि लोगों ने अपनी मां की स्मृति और सम्मान में पौधे लगाए।
इस अवसर पर सेवा आगरा के अध्यक्ष एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल पेन्ट ने कहा, आज मैंने अपनी मां की याद में एक पौधा रोपित किया है। यह पहल न केवल हरियाली को बढ़ावा देगी, बल्कि भावनात्मक रूप से भी समाज को जोड़ेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरणा लेकर यह अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत छायादार और फलदार वृक्ष जैसे बोगनवेलिया, कनेर, मिनी कामिनी, टिकोमा, अशोक, जामुन, बेलपत्र, गुड़हल आदि की करीब 51 प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
पौधरोपण अभियान में सेवा आगरा की संस्थापिका सुमन गोयल समेत कुमकुम उपाध्याय, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, राजू खेमानी, नंदी महाजन, सुधीर आर्य, नीलम चड्डा, प्रीत कौर, त्रिलोक चंद, और अन्य समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान शहर के अन्य हिस्सों में भी जारी रहेगा और हर मां के नाम एक पेड़ लगाया जाएगा।