ग्रामीणों की पंचायत: तीसरी बाईपास रेल लाइन से गांववासियों का रास्ता बंद, 18 जून से धरने का ऐलान

आगरा। विकासखंड अछनेरा के गांव नगला कुकथला के ग्रामीणों ने कीठम-भांड़ई तीसरी बाईपास रेल लाइन निर्माण को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे द्वारा रुनकता-किरावली संपर्क मार्ग पर विपरीत दिशा में पुल निर्माण किए जाने से गांव के प्राथमिक विद्यालय, श्मशान घाट, नई आबादी और गूल (नहर सिंचाई मार्ग) तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हो गए हैं।

Jun 8, 2025 - 18:06
 0
ग्रामीणों की पंचायत: तीसरी बाईपास रेल लाइन से गांववासियों का रास्ता बंद, 18 जून से धरने का ऐलान
गांव नगला कुकथला में तीसरी बाईपास रेल लाइन के मुद्दे पर आयोजित पंचायत में मौजूद ग्रामीण।

-कीठम-भांड़ई रेल परियोजना से नगला कुकथला के स्कूल, श्मशान घाट और नई आबादी के रास्ते बाधित

सरकारी चकमार्ग व गूल के बावजूद हो रहा अवरोध

ग्रामीणों का कहना है कि जिन रास्तों को बंद किया जा रहा है, वे पहले से सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज चक मार्ग और गूल हैं, जिनका वर्षों से प्रयोग हो रहा है। इसके बावजूद रेलवे अधिकारियों ने इन पर ध्यान नहीं दिया। इससे बच्चों की शिक्षा, ग्रामीणों की अंतिम यात्रा और किसानों की सिंचाई पर संकट खड़ा हो गया है।

कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं

गांववासियों ने बताया कि वे जिलाधिकारी से लेकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी समस्या दर्ज करवा चुके हैं। लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। इसको लेकर गांव में किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह व धीरज सिकरवार के नेतृत्व में पंचायत बुलाई गई।

18 जून से खड़वाई नहर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना

पंचायत में यह निर्णय लिया गया कि यदि आगामी 10 दिनों में कोई हल नहीं निकला, तो 18 जून से खड़वाई नहर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। पंचायत में विष्णु मास्टर, मनोज कुमार, बाबूलाल बाल्मीकि, राजकुमार, सुरेश बाबा, पद्म सिंह, रामराज, तेजसिंह, सोना, संजय, जशोदा देवी, सावित्री देवी, विमलेश देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

SP_Singh AURGURU Editor