अश्रु नहीं, अमृत है अशोकः साहित्य की साधना का हीरक जयंती उत्सव 

आगरा। वरिष्ठ कवि, साहित्यकार, संपादक और अधिवक्ता अशोक ‘अश्रु’ के हीरक जयंती समारोह का आयोजन गुरुवार शाम को यूथ हॉस्टल, आगरा में साहित्यिक गरिमा और भावनात्मक ऊष्मा के साथ हुआ। इस अवसर पर गाज़ियाबाद से प्रकाशित प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका यूएसएम के ‘अश्रु विशेषांक’ का लोकार्पण हुआ। समारोह में देशभर से आए साहित्यकारों ने अशोक अश्रु की बहुआयामी रचनाशीलता, संवेदनशीलता और सहज व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

Jun 5, 2025 - 20:16
 0
अश्रु नहीं, अमृत है अशोकः साहित्य की साधना का हीरक जयंती उत्सव 
संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में अशोक अश्रु की हीरक जयंती पर यूएसएम पत्रिका के ‘अश्रु विशेषांक’ का विमोचन करते (बाएं से चौथे) अशोक अश्रु। साथ हैं श्रुति सिन्हा, सुशील सरित, रामेश्वर शर्मा, डॉ. राजेंद्र मिलन, उमाशंकर मिश्र, हरि वाणी, डॉ. कविता सिंह ‘प्रभा’ व अन्य।

‘अश्रु विशेषांक’ का विमोचन, साहित्यिक योगदान को मिली भावभीनी श्रद्धांजलि

यूएसएम पत्रिका का यह विशेषांक वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर मिश्र के संपादन में प्रकाशित हुआ। लोकार्पण अवसर पर डॉ. राजेंद्र मिलन की अध्यक्षता में डॉ. कविता सिंह ‘प्रभा’ (गाजियाबाद), रामेश्वर शर्मा ‘रामू भैया’ (कोटा), हरि वाणी (कानपुर), सीए राकेश अग्रवाल, डॉ. शशि तिवारी, समीक्षक डॉ. सुषमा सिंह और अन्य प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने मंच साझा किया।

सौम्य व्यक्तित्व, रचनात्मक ऊंचाई और प्रेरणा की प्रतिमूर्ति

डॉ. राजेंद्र मिलन ने अशोक अश्रु को सरलता और साहित्यिक गहराई का प्रतीक बताया। डॉ. सुषमा सिंह ने उन्हें सामाजिक मूल्यों का संवाहक कहा, वहीं डॉ. कविता सिंह ‘प्रभा’ ने उन्हें नव रचनाकारों के लिए पथप्रदर्शक बताया।
राजकुमारी चौहान की कविता, ‘चेहरे पर है सौम्यता, अधरों पर मुस्कान…’ ने भावनात्मक वातावरण को और गहरा कर दिया।

साहित्य के प्रदूषण के विरुद्ध अग्निवीर

सुशील सरित ने अश्रु जी को साहित्य क्षेत्र में ‘प्रदूषण के विरुद्ध मशाल’ कहा, तो आदर्श नंदन गुप्ता ने उनकी मुस्कराहट को ‘दिल जीतने वाली’ बताया।
इस अवसर पर सरस्वती वंदना डॉ. शशि तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई, संचालन श्रुति सिन्हा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सुशील सरित ने दिया।

गरिमामयी उपस्थिति और भावपूर्ण स्वागत

प्रेम राजावत, माया अशोक, विजय गोयल, रमेश पंडित, अर्चना अग्रवाल, गोपाल कृष्ण एडवोकेट सहित अनेक साहित्यसेवियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
दुर्ग विजय सिंह दीप, शैलबाला अग्रवाल, नीरज जैन, योगेश शर्मा योगी, विजया तिवारी, आभा चतुर्वेदी जैसे नामचीन साहित्यकारों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष ऊंचाई दी।

SP_Singh AURGURU Editor