बुलेट ट्रेन से बदलेगी आगरा-मथुरा की तस्वीर: 500 एकड़ में बसेंगे दो नए शहर, आगरा के एत्मादपुर मदरा और मथुरा के इटौली में मांगी गई 250-250 एकड़ भूमि, दिल्ली की दूरी सिर्फ एक घंटे रह जाएगी
आगरा। देश की सबसे महत्वाकांक्षी परिवहन परियोजनाओं में शामिल दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर ने आगरा और मथुरा के विकास को नई उड़ान देने की तैयारी कर ली है। आगरा के सदर तहसील क्षेत्र के एत्मादपुर मदरा गांव और मथुरा के राया क्षेत्र के इटौली के पास प्रस्तावित बुलेट ट्रेन स्टेशनों के आसपास आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक केंद्र विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन (एनएचएसआरसीएल) ने यमुना प्राधिकरण से दोनों स्थानों पर ढाई सौ-ढाई सौ एकड़, कुल 500 एकड़ भूमि की मांग की है।
यह परियोजना केवल एक रेलवे स्टेशन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक और शहरी विकास के नए द्वार के रूप में देखा जा रहा है। बुलेट ट्रेन के साथ विकसित होने वाले नए शहरी केंद्र आगरा और मथुरा की विकास दिशा को पूरी तरह बदल सकते हैं।
350 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन
दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर प्रस्तावित बुलेट ट्रेन 350 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से संचालित होगी। इस रूट पर दिल्ली के सराय काले खां से लेकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मथुरा, आगरा, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी तक प्रमुख स्टेशन बनाए जाने हैं।
परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली से आगरा की यात्रा महज एक घंटे में पूरी होने की संभावना है। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा बल्कि पर्यटन, व्यापार और उद्योग को भी जबरदस्त गति मिलेगी।
मदरा और इटौली बनेंगे विकास के नए केंद्र
आगरा के सदर तहसील क्षेत्र के एत्मादपुर मदरा गांव और मथुरा के राया क्षेत्र के इटौली गांव को बुलेट ट्रेन स्टेशन के लिए रणनीतिक रूप से चुना गया है। इन स्टेशनों के आसपास आवासीय टाउनशिप, व्यावसायिक परिसर, होटल, लॉजिस्टिक हब, कार्यालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह देश और दुनिया के कई शहरों में हाई स्पीड रेल स्टेशनों के आसपास नए आर्थिक केंद्र विकसित हुए हैं, उसी प्रकार आगरा और मथुरा में भी बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
एत्मादपुर क्षेत्र को मिलेगा जाम से राहत का रास्ता
आगरा के प्रस्तावित बुलेट ट्रेन स्टेशन को विभिन्न प्रमुख मार्गों से जोड़ने की व्यापक योजना तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इस क्षेत्र में इनर रिंग रोड विकसित करने की भी तैयारी चल रही है।
यह सड़क परियोजना केवल स्टेशन तक पहुंच को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि एत्मादपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर लगने वाले भीषण जाम से भी बड़ी राहत दिला सकती है। वर्तमान में हाईवे पर भारी यातायात दबाव के कारण अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पर्यटन और निवेश को मिलेगा बड़ा फायदा
आगरा विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के कारण देश के सबसे बड़े पर्यटन केंद्रों में शामिल है, जबकि मथुरा-वृंदावन धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र माना जाता है। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली और नोएडा क्षेत्र से इन शहरों तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि कम समय में यात्रा की सुविधा मिलने से पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। इससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, खानपान और स्थानीय व्यापार को भी सीधा लाभ मिलेगा।
रोजगार, रियल एस्टेट और उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार
बुलेट ट्रेन स्टेशन के आसपास प्रस्तावित आवासीय और व्यावसायिक विकास से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भूमि और संपत्तियों की मांग बढ़ सकती है। औद्योगिक निवेशकों के लिए भी यह क्षेत्र अधिक आकर्षक बन सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की नई धुरी
दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को केवल एक परिवहन परियोजना नहीं बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक परिवर्तन के माध्यम के रूप में देखा जा रहा है। आगरा और मथुरा में बनने वाले स्टेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय आर्थिक गलियारे से जोड़ने का काम करेंगे। यदि परियोजना तय समय पर आगे बढ़ती है तो आने वाले वर्षों में मदरा और इटौली जैसे गांव आधुनिक शहरी विकास के प्रतीक बन सकते हैं।
बुलेट ट्रेन की रफ्तार केवल पटरियों पर नहीं दौड़ेगी, बल्कि आगरा और मथुरा के विकास, निवेश, रोजगार और पर्यटन को भी नई गति देगी।