ममता बनर्जी के सांसद आज ही कर सकते हैं अलग गुट का ऐलान, सीक्रेट मीटिंग के बाद भूपेंद्र यादव के घर पहुंचे, शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद
राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले शुखेंदु शेखर रॉय ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता का नशा टीएमसी पर इस कदर चढ़ गया था कि उन्हें लगता था कि दुनिया में कोई उन्हें छू भी नहीं सकता।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। जब ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में मौजूद थीं, उसी समय उनके सांसदों का एक गुट सीक्रेट मीटिंग करने के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पहुंच चुका था। इस मीटिंग में राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले शुखेंदु शेखर रॉय भी मौजूद थे। भूपेंद्र यादव के घर हुई ये मीटिंग बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में हुई।
टीएमसी के 20 बागी सासंदों ने पहले दिल्ली में सीक्रेट मीटिंग की थी। इनमें प्रसून बनर्जी, शताब्दी रॉय और जगदीश बसुनिया समेत कई नेता शामिल हैं। टीएमसी सांसदों की योजना है कि वे या तो स्पीकर के दिल्ली लौटने पर सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा पत्र सौंपेंगे या 20 सांसदों के हस्ताक्षर के साथ स्पीकर से मिलेंगे। अब देखना है कि भूपेंद्र यादव के घर पर मीटिंग के बाद आगे की रणनीति क्या बनती है।
इस मीटिंग में राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले शुखेंदु शेखर रॉय भी मौजूद हैं। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता का नशा टीएमसी के सिर पर इस कदर चढ़ गया था कि उन्हें लगता था कि दुनिया में कोई उन्हें छू भी नहीं सकता।
रॉय ने आरोप लगाया कि पिछले 15 साल में सत्ता में रहे मंत्री, पंचायत नेता, पार्षद, महापौर आदि पहुंच से बाहर हो गए। उन्होंने कहा कि बंगाल के इतिहास में पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार सत्ता में आई है। मतदान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. पार्टी ने इस संबंध में कोई विश्लेषण नहीं किया। हमारे पार्टी कार्यकर्ता जिन्होंने अपने खून-पसीने से संगठन को मजबूत किया, वाम मोर्चे के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्हें दरकिनार कर दिया गया और बिचौलिए, चोर, डाकू और बलात्कारी सामने आ गए और करोड़ों की लूट की गई।