ईरान और इजरायल की 12 दिन की जंग रुकी, ट्रंप ने की घोषणा

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष विराम हो गया है। इससे दोनों देशों के बीच 12 दिन से चल रही लड़ाई रुक गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर किए गए पोस्ट में कहा कि इजरायल और ईरान में इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा। ट्रंप की घोषणा या इसके समय को लेकर इजरायल और ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Jun 24, 2025 - 06:38
 0
ईरान और इजरायल की 12 दिन की जंग रुकी, ट्रंप ने की घोषणा


ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि 24 घंटे का चरणबद्ध युद्धविराम मंगलवार आधी रात से शुरू हो रहा है। इससे दोनों देशों को अपने अंतिम मिशनों को समाप्त और पूरा करने के लिए छह घंटे का समय मिलेगा। उन्होंने कहा कि उस समय ईरान हमले बंद कर देगा और 12 घंटे बाद इजरायल भी हमले बंद कर देगा। इसके 12 घंटे बाद युद्ध को पूरी तरह समाप्त माना जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कहा गया है, 'आधिकारिक तौर पर ईरान युद्ध विराम शुरू करेगा और 12वें घंटे पर इजरायल युद्ध विराम शुरू करेगा और 24वें घंटे पर 12 दिवसीय युद्ध का आधिकारिक अंत होगा। प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहेगा। मैं दोनों देशों इजरायल और ईरान को बधाई देना चाहूंगा कि उनके पास वह सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता है, जिससे वे उस युद्ध को समाप्त कर सकते हैं जिसे 12 दिवसीय युद्ध कहा जाना चाहिए।'

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान-इजरायल में युद्ध सालों तक चल सकता था और पूरे पश्चिम एशिया को नष्ट कर सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उम्मीद करते हैं कि कभी नहीं होगा। ट्रंप के ऐलान के बाद रिपब्लिकन यूएस हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा कि यह वास्तव में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। राष्ट्रपति ट्रंप इसका पूरा श्रेय पाने के हकदार हैं। ताकत के जरिए शांति इसी तरह दिखती है। हमने इसे काफी समय से नहीं देखा है। यह कैपिटल हिल के लिए वाकई बड़ी राहत की बात है।

ईरान और इजरायल में लड़ाई 13 जून को शुरू हुई थी, जब इजरायली सेना ने ईरान में हवाई हमला कर दिया था। इजरायल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने की बात कहते हुए ये अटैक किया। इसके बाद ईरान ने भी इजरायल पर लगातार मिसाइल हमले किए। दोनों देशों के बीच बीते 12 दिन से लगातार लड़ाई चल रही थी और इस दौरान भारी तबाही दोनों तरफ हुई। डोनाल्ड ट्रंप के दावे के मुताबिक, अब ये लड़ाई रुकने जा रही है। सीजफायर की शुरुआत मंगलवार रात से हो गई है और 24 घंटे में यानी बुधवार रात तक पूर्ण युद्ध विराम हो जाएगा।