डेटॉल के विज्ञापन पर चीन में हंगामा,  बायकॉट की मांग,  कंपनी ने मांगी माफी

चीन में डेटॉल के एक विज्ञापन पर हंगामा मच गया है। बात यहां तक पहुंच गई है कि ब्रिटिश हाइजीन ब्रांड को माफी भी मांगनी पड़ गई है। वैसे तो इस विज्ञापन का मकसद खराब सोच वाले पुरुषों की आलोचना करना था। लेकिन, मैसेज कुछ और ही चला गया है। इसे महिलाओं को वस्‍तु की तरह पेश करने के आरोप लगे।  

Jun 24, 2026 - 22:19
 0
डेटॉल के विज्ञापन पर चीन में हंगामा,  बायकॉट की मांग,  कंपनी ने मांगी माफी

 

बीजिंग। ब्रिटिश हाइजीन ब्रांड डेटॉल का एक विज्ञापन बैकफायर कर गया है। चीन में जारी इस विज्ञापन के लिए उसे माफी मांगनी पड़ी है। इस विज्ञापन का मकसद 'टॉक्सिक पुरुषों' (खराब सोच वाले पुरुषों) की आलोचना करना था। लेकिन, सोशल मीडिया पर इसकी तीखी आलोचना हुई क्योंकि इसे महिलाओं के लिए अपमानजनक माना गया।

मई के आखिर में कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जारी किए गए इस पांच मिनट के विज्ञापन में एक आदमी अपनी गर्लफ्रेंड की तुलना अपनी पुरानी पार्टनर से करता है। जब उसे पता चलता है कि उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड पहले किसी और के साथ रह चुकी थी तब वह उनके रिश्ते की तुलना 'सेकंड-हैंड सर्विस' से करता है। फिर वह अपने दोस्तों से कहता है कि वह एक ऐसी 'साफ' और 'अनछुई' (वर्जिन) महिला की तलाश में है जिसके लिए वह पहला सेक्सुअल पार्टनर बन सके।  

वह कहता है, 'हो सकता है कि मैं वर्जिन न होऊं, लेकिन मेरी होने वाली पत्‍नी को वर्जिन होना ही चाहिए।' वह आगे कहता है, 'अच्छी बात है कि मुझे वह अब मिली है। वह साफ है और दूसरे पुरुषों के संपर्क में नहीं आई है।'

यह छोटा सा ड्रामा तब खत्म होता है जब उसकी नई गर्लफ्रेंड को उसकी बातों का पता चलता है। वह उसकी महिला-विरोधी सोच की आलोचना करती है। उससे रिश्ता तोड़ लेती है। जब वह उसके मोजे वॉशिंग मशीन में डालती है तो एक वॉयसओवर सुनाई देता है- 'एक टॉक्सिक पुरुष बिल्कुल इन कीटाणुओं जैसा होता है – उन्हें पूरी तरह खत्म करने और सुकून महसूस करने के लिए आपको डेटॉल की जरूरत होती है।'

चीनी सोशल मीडिया यूजर्स की तीखी आलोचना के बाद डेटॉल ने रविवार को यह विज्ञापन हटा लिया। कई लोगों ने इस ब्रांड का बहिष्कार करने की मांग की, जो ब्रिटिश मल्टीनेशनल कंपनी रेकिट (Reckitt) का है।

विज्ञापन के लिए माफी मांगते हुए एक पोस्ट में डेटॉल ने कहा कि इस प्रमोशन का मकसद 'लिंग-आधारित असमान सोच को चुनौती देना और रिश्तों व जीवनशैली के बारे में स्वस्थ और आत्मविश्वासपूर्ण विचारों को बढ़ावा देना' था। लेकिन, ऑनलाइन फैल रहे एडिटेड क्लिप्स ने असली संदेश को गलत तरीके से पेश किया।

डेटॉल ने कहा कि यह प्रमोशन एक थर्ड-पार्टी एजेंसी ने तैयार किया था। लेकिन, विज्ञापन के कंटेंट को बनाने और उसकी समीक्षा करने में हुई किसी भी लापरवाही की जिम्‍मेदारी कंपनी की ही है। कंपनी ने कहा, 'हम अच्छी तरह जानते हैं कि असली सुरक्षा हर व्यक्ति की गरिमा और उनके साथ समान व्यवहार के अधिकार की रक्षा करने में भी निहित है।' मंगलवार तक चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर इस विषय को 8 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। साइट पर एक यूजर ने लिखा, 'मैं अब कभी डेटॉल का इस्तेमाल नहीं करूंगा।'