'वेलकम टू द जंगल' ने रिलीज से पहले ही बजाया बॉक्स ऑफिस का बिगुल, एडवांस बुकिंग और प्रीव्यू से करोड़ों की कमाई

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' शुक्रवार, 26 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। 30 से अधिक कलाकारों से सजी इस मल्टीस्टारर फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग और पेड प्रीव्यू के दम पर शानदार शुरुआत के संकेत दे दिए हैं। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म को शुरुआती दिनों में दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने की संभावना है।

Jun 26, 2026 - 12:24
 0
'वेलकम टू द जंगल' ने रिलीज से पहले ही बजाया बॉक्स ऑफिस का बिगुल, एडवांस बुकिंग और प्रीव्यू से करोड़ों की कमाई

निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग रिलीज से लगभग 36 घंटे पहले शुरू हुई। इसके बावजूद दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा और फिल्म के लिए 1,16,596 टिकटों की अग्रिम बुकिंग दर्ज की गई। टिकट बिक्री से फिल्म ने 3.10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर एडवांस बुकिंग का कुल ग्रॉस कारोबार 6.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

रिलीज से एक दिन पहले, गुरुवार 25 जून की शाम को फिल्म के सीमित पेड प्रीव्यू शो भी आयोजित किए गए। मनोरंजन वेबसाइट Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, इन विशेष शो से फिल्म ने लगभग 3.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह आंकड़ा अक्षय कुमार की पिछली सफल हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' के पेड प्रीव्यू कलेक्शन के बराबर बताया जा रहा है।

ट्रेड विशेषज्ञों का कहना है कि एडवांस बुकिंग का ट्रेंड भी काफी हद तक 'भूत बंगला' जैसा ही दिखाई दे रहा है। ऐसे में पहले दिन की कमाई भी उसी के आसपास रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। साथ ही अक्षय कुमार की फिल्मों की तरह इस बार भी ऑन-स्पॉट टिकट बिक्री और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया यानी वर्ड ऑफ माउथ फिल्म के कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

'वेलकम टू द जंगल' हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की नई कड़ी है। फिल्म में रोमांच, कॉमेडी और बड़े सितारों की लंबी फौज के साथ दर्शकों को भरपूर मनोरंजन का वादा किया गया है। अब फिल्म की वास्तविक परीक्षा पहले सप्ताहांत के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor