वाराणसी से वडनगर की 2000 किमी सेवा यात्रा आगरा पहुंची, जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत, नगर निगम में गंगाजल कलश के दर्शन के साथ सेवा का संकल्प
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर गुजरात तक करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा पर निकला 60 सदस्यीय दल शुक्रवार को आगरा पहुंचा। कुबेरपुर स्थित महावीर ढाबे पर महापौर हेमलता दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे और विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में यात्रियों का अभिनंदन किया गया। यात्रा का उद्देश्य विभिन्न जिलों में रात्रि प्रवास के दौरान सेवा कार्य, लाभार्थियों से संवाद और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता बढ़ाना बताया गया। ऐसी वाराणसी-वडनगर सेवा यात्राएं सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा हैं।
महावीर ढाबे पर यात्रियों ने लाभार्थियों से संवाद किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और यात्रा दल ने कुबेरपुर में वृक्षारोपण किया। यात्रा दल के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्यों में भाग लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
इसके बाद सभी यात्री आगरा नगर निगम परिसर पहुंचे। यहां वाराणसी से लाए गए गंगाजल के कलश के दर्शन कराए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों और शहरवासियों ने सेवा कार्यों में भागीदारी बढ़ाने तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का संकल्प लिया।
शाम को यात्रा दल आगरा से फतेहपुर सीकरी के लिए रवाना हो गया।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महापौर हेमलता दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, महेश शर्मा, मनवीर चौहान, विकास गुप्ता, राहुल सागर, रोहित कत्याल, नेहा गुप्ता, हरि सिंह बघेल, मनीष अवस्थी, स्वदेश बघेल, पार्षद शेरा भाई, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, गौरव शर्मा, हेमंत प्रजापति, शरद चौहान, सुनील करमचन्दानी, प्रवीणा राजावत, मीनाक्षी वर्मा, रवि कुरेतिया, ललित शर्मा, अनिल वशिष्ठ, जेपी त्यागी आदि मौजूद रहे।