खंदारी के डॉ. एन. एल. पटनी डायलिसिस सेंटर में 22 गुर्दा रोगियों को मिला निशुल्क चिकित्सा परामर्श
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित डॉ. एन. एल. पटनी डायलिसिस सेंटर, खंदारी में बुधवार को गुर्दा, हाइपरटेंशन और किडनी से संबंधित विभिन्न समस्याओं के लिए निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझा और आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया। कुल 22 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया, इनमें आठ मरीज नए थे।
शिविर में डीएम नेफ्रोलॉजी डॉ. वर्तुल गुप्ता ने मरीजों की जांच की। उन्होंने गुर्दे से संबंधित समस्याओं के साथ-साथ हाइपरटेंशन और किडनी रोग से जुड़ी अन्य परेशानियों के बारे में मरीजों को उचित परामर्श दिया।
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल और महामंत्री राजकुमार जैन ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के निशुल्क चिकित्सा शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कमेटी की ओर से मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिविर के आयोजन में अजय गोयल और टेक्नीशियन चंदर का सहयोग रहा।