आगरा के बाह और पिनाहट में हादसेः किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत; बरामदा गिरने से दर्जनभर से अधिक घायल
आगरा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में एक किसान की मौत हो गई, जबकि घर का बरामदा अचानक भरभराकर गिरने से परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों समेत दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। बाह क्षेत्र में खेत की रखवाली के लिए जा रहे 65 वर्षीय किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, वहीं पिनाहट के कप्तानपुरा में तीन दिन पूर्व परिवार के एक सदस्य की मौत के बाद बरामदे में बैठे लोगों पर अचानक मलबा आ गिरा। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और जांच शुरू कर दी।
बाह में किसान की मौत
बरुआ नगर, बाह निवासी नाहर सिंह पुत्र राजबहादुर (65) शनिवार को छदामी के मठ पर स्थित खेत की रखवाली के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नाहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में नाहर सिंह के साथ जा रहे गांव दरवा, थाना दन्नाहार, मैनपुरी निवासी नेकराम भी घायल हो गए। उनका उपचार कराया जा रहा है। नाहर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी सुदामा और बेटी हेमा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कप्तानपुरा में बरामदा गिरने से मलबे में दबे लोग

हादसों में घायल हुए लोगों में से दो लोग अस्पताल में।
थाना पिनाहट क्षेत्र के कप्तानपुरा में घर का बरामदा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के लोग और रिश्तेदार बरामदे में एक साथ बैठे थे। बताया गया कि तीन दिन पूर्व परिवार के एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी और इसी सिलसिले में परिवार के लोग एक साथ बैठे हुए थे। अचानक बरामदा गिरने से सभी लोग मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।