पर्यावरण की लड़ाई लड़ रहे आगरा के डॉ. शरद गुप्ता को मिला ‘गेमचेंजर अवार्ड’, दिल्ली में सम्मानित किये गये

आगरा। जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत आगरा के पर्यावरणविद डॉ. शरद गुप्ता को वर्ष 2026 के ‘गेमचेंजर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। ई.एस.जी. रिसर्च फाउंडेशन की ओर से दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

Sep 26, 2026 - 19:39
 0
पर्यावरण की लड़ाई लड़ रहे आगरा के डॉ. शरद गुप्ता को मिला ‘गेमचेंजर अवार्ड’, दिल्ली में सम्मानित किये गये
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आगरा के पर्यावरणविद डॊ. शरद गुप्ता को गेमचेंजर अवार्ड 2026 प्रदान करते केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल। साथ हैं अन्य अतिथिगण।

डॉ. शरद गुप्ता को यह अलंकरण केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर रोहित ऋषि और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निदेशक अनिल कुमार गुप्ता ने प्रदान किया।

डॉ. गुप्ता लंबे समय से ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में पर्यावरण की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। हरे पेड़ों की अवैध कटाई, सूर सरोवर पक्षी विहार (कीठम झील) का दायरा बढ़ाने और यमुना के फ्लड एरिया के सीमांकन जैसे मामलों को उन्होंने प्रमुखता से उठाया है और अंजाम तक पहुंचाया है।

इन मामलों में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का भी रुख किया। उनके प्रयासों के जरिए पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ संबंधित मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है।

पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने के कारण डॉ. शरद गुप्ता को अपने ही शहर आगरा में कई बार विरोध का सामना भी करना पड़ा है। इसके बावजूद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की अपनी मुहिम जारी रखी है। उनका कहना है कि जल, जंगल, जमीन और हरित क्षेत्र की रक्षा केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।

SP_Singh AURGURU Editor