कैनवास पर सजी आगरा की विरासत, विश्व पर्यटन दिवस पर 62 विद्यार्थियों ने दिखाई कला

विश्व पर्यटन दिवस-2026 पर आगरा में जिला पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने 60 विद्यार्थियों को फतेहपुर सीकरी पर्यटन भ्रमण के लिए रवाना किया। वहीं ‘आगरा एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन धरोहर’ विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में ललित कला संस्थान के 62 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में डिजिटल पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर भी जानकारी दी गई। प्रतियोगिता की श्रेष्ठ पांच कलाकृतियों को 2 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा।

Sep 27, 2026 - 20:14
 0
कैनवास पर सजी आगरा की विरासत, विश्व पर्यटन दिवस पर 62 विद्यार्थियों ने दिखाई कला
विश्व पर्यटन दिवस पर छात्र-छात्राओं को फतेहपुर सीकरी के पर्यटन भ्रमण के लिए रवाना करते मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप। नीचे चित्र में कैनवास पर चित्र उकेरते छात्र।

आगरा। विश्व पर्यटन दिवस-2026 के अवसर पर जिला पर्यटन विभाग की ओर से रविवार को ताज रोड स्थित उत्तर प्रदेश पर्यटन कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य आगरा और उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहरों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में तकनीक और नवाचार की संभावनाओं से युवाओं को परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश पर्यटन कार्यालय परिसर में हुई। मुख्य अतिथि आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप का क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आगरा शक्ति सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय तथा दयालबाग विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 60 छात्र-छात्राओं को फतेहपुर सीकरी के पर्यटन भ्रमण के लिए रवाना किया गया। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विद्यार्थियों को कराया गया ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित

फतेहपुर सीकरी भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगरा की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत को करीब से समझने का अवसर देना रहा। पर्यटन से जुड़े विद्यार्थियों के लिए इस भ्रमण को व्यावहारिक अनुभव से जोड़कर देखा गया। उन्हें ऐतिहासिक स्मारकों, संस्कृति और विरासत संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों ने उकेरी कल्पना

कार्यक्रम के दूसरे चरण में पर्यटन कार्यालय परिसर में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ललित कला संस्थान, आगरा के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता की थीम ‘आगरा एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन धरोहर’ रखी गई। प्रतियोगिता में संस्थान के 62 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। पेंटिंग प्रतियोगिता शुरू होने से पहले प्रतिभागियों को कैनवास कलर, पोस्टर कलर, फ्रेंड कैनवास बोर्ड और पर्यटन किट वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से आगरा और उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को रंगों के जरिए प्रस्तुत किया।

डिजिटल तकनीक और एआई से बदलेगा पर्यटन का स्वरूप

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने इस वर्ष की थीम ‘पर्यटन को नया रूप देने के लिए डिजिटल एजेंडा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर्यटन को नए तरीके से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने पेंटिंग प्रतियोगिता के उद्देश्य और पर्यटन के क्षेत्र में कला एवं रचनात्मकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को बताया गया कि पर्यटन स्थलों की पहचान और उनकी खूबसूरती को कलात्मक माध्यम से लोगों तक पहुंचाने में कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

2 अक्टूबर को होगा श्रेष्ठ पांच कलाकृतियों का सम्मान

पर्यटन विभाग की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों में से श्रेष्ठ पांच पेंटिंग का चयन किया जाएगा। चयनित पांच उत्कृष्ट कलाकृतियों के प्रतिभागियों को 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में ललित कला संस्थान के प्रो. शारदोल मिश्रा और ममता शर्मा सहित पर्यटन विभाग के पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, हेमंत कुमार शर्मा, मोहित कुमार तथा पर्यटन पुलिस बल के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पर्यटन, कला, शिक्षा और युवा सहभागिता को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया गया।