पीएम मोदी की ‘मन की बात’ सुनने जुटे भाजपाई, सेवा और राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को आगरा के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने बालूगंज में, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने शमसाबाद में और एमएलसी विजय शिवहरे ने शिवाजी मंडल में कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के बाद नेताओं ने जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। शमसाबाद में राजकुमार चाहर ने दिवंगत फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों से संवाद, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण भी किया गया।
138वें संस्करण में आतंकवाद, जनगणना, नशामुक्ति, पर्यावरण और जनभागीदारी पर पीएम मोदी का संदेश, शमसाबाद में छोटेलाल वर्मा को श्रद्धांजलि, सेवा संकल्प के तहत स्वच्छता व पौधरोपण
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को रविवार को आगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक रूप से सुना। रावली मंडल, शमसाबाद और शिवाजी मंडल में आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को सुना और जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों पर जोर दिया। प्रधानमंत्री के 138वें संबोधन में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, जनगणना, नशामुक्ति, खेल, पोषण और नागरिक भागीदारी जैसे विषयों का उल्लेख हुआ।
बालूगंज में नवीन जैन ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’
रावली मंडल के बूथ संख्या 37 के बूथ अध्यक्ष पीयूष जैन के बालूगंज स्थित आवास पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच संवाद का माध्यम होने के साथ जनभागीदारी के जरिए राष्ट्र निर्माण को गति देने वाला मंच भी है।
नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री अलग-अलग क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य कर रहे नागरिकों के प्रयासों को देश के सामने रखते हैं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को देशहित में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख और सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों का उल्लेख किया। साथ ही जनगणना में नागरिकों की भागीदारी के महत्व पर भी बात रखी गई।
नवीन जैन ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। जब नागरिक अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाते हैं और समाजहित में सकारात्मक कार्य करते हैं, तो राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी मजबूत होती है। इस अवसर पर रावली मंडल प्रभारी एवं महानगर मंत्री नेहा गुप्ता, मंडल महामंत्री आयुष जैन, पार्षद जयदीप सोनकर, रियासत अली और बूथ अध्यक्ष विजेंद्र सविता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शमसाबाद में राजकुमार चाहर ने सुनी ‘मन की बात’
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने शमसाबाद नगर पालिका परिषद में बूथ संख्या 124 पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। सांसद चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में नागरिकों को अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को स्वच्छ, स्वस्थ, नशामुक्त और विकसित बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
छोटेलाल वर्मा को दी श्रद्धांजलि
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद सांसद राजकुमार चाहर ने हाल ही में दिवंगत फतेहाबाद विधायक स्वर्गीय छोटेलाल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर पालिका परिषद परिसर में मौजूद जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ उन्होंने दो मिनट का मौन रखा। राजकुमार चाहर ने कहा कि स्वर्गीय छोटेलाल वर्मा की जनसेवा, सरलता और समाज के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके निधन से क्षेत्र ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि और समाज ने एक लोकप्रिय व्यक्तित्व खोया है। उन्होंने कहा कि अब उनकी लोकसभा के साथ फतेहाबाद की भी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
इस दौरान चेयरमैन अवनीश गुप्ता (बल्लो), शैलू जादौन, रंजीत प्रधान, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, राजेश कुशवाहा, संदीप गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, राजू लवानिया, राजीव जैन, सतेंद्र यादव और सोमवीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता और पौधरोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भी सांसद राजकुमार चाहर ने शमसाबाद क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और संवाद किया। उन्होंने कहा कि वृद्धजन अनुभव, संस्कार और ज्ञान के प्रतीक हैं तथा उनका सम्मान करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इसके बाद सांसद ने महात्मा गांधी चौराहे पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जुड़ा विषय बताते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
वहीं फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धमेना के शेखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। सांसद ने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। इन कार्यक्रमों में अविनाश गुप्ता (बल्लो), शैलू जादौन, चेयरमैन ओमकारन सिंह, राजेश कुशवाहा, रंजीत प्रधान, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, राजू लवानिया, राजीव जैन, सतेंद्र यादव, सोमवीर सिंह, जोगेंद्र सिंह, सचिन गोयल और मोहित चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
शिवाजी मंडल में विजय शिवहरे ने सुनी ‘मन की बात’
भाजपा शिवाजी मंडल के बूथ संख्या 75, आनंद पुरम कॉलोनी स्थित आनंदेश्वर मंदिर परिसर में भी ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में आगरा-फिरोजाबाद के एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शिवाजी मंडल अध्यक्ष पंडित देवेश पचौरी ने की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, भाजपा आगरा महानगर महामंत्री हेमंत भोजवानी, पार्षद गुड्डू मेनन, शक्ति केंद्र संयोजक विजय भाटिया और बूथ अध्यक्ष पवन भाटिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. रेखा कुमारी, जे.के. मदनानी, राजकुमार सोनी, दीपचंद शिवहरे, राजू राठौर, सुरेश राजपाल, महेंद्र कुमार और घनश्याम समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।