जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च

आगरा में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। शहर अध्यक्ष अमित सिंह और जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

Sep 21, 2026 - 14:06
 0
जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च
पैदल मार्च कर कलक्ट्रेट जाते कांग्रेसी।

एमजी रोड पर गूंजे सरकार विरोधी नारे, शहर अध्यक्ष अमित सिंह और जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार के नेतृत्व में जुटे बड़ी संख्या में कांग्रेसी, कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

आगरा। जनसमस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर उतर आया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेसियों ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मार्च के चलते एमजी रोड पर जाम के हालात पैदा हो गए। 

पैदल मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ता सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, जनसुविधाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर और जिले में आम जनता को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन और सरकार का ध्यान लगातार आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण कांग्रेस को सड़क पर उतरकर आवाज उठानी पड़ रही है।

सुभाष पार्क से शुरू हुआ पैदल मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। इसके बाद जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मार्च के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।