‘मेरा बंगला, मेरी गाड़ी... सब कुछ है तेरा सरकार’ पर झूमे सांवरिया भक्त, देर रात तक गूंजता रहा

आगरा के जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से ‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ भजन संध्या, परिचय सम्मेलन और दाल-बाटी महाप्रसाद का आयोजन हुआ। विकास वर्मा, प्रीति शर्मा और सूर्यांश गहलोत के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में धार्मिक भक्ति के साथ सामाजिक सेवा और पारिवारिक एकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

Sep 21, 2026 - 14:17
 0
‘मेरा बंगला, मेरी गाड़ी... सब कुछ है तेरा सरकार’ पर झूमे सांवरिया भक्त, देर रात तक गूंजता रहा
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आयोजित ‘एक शाम सांवरिया सेठ के नाम’ भजन संध्या का आनंद लेते सदस्य।

जीवनी मंडी खाटू श्याम मंदिर में सजा सांवरिया सेठ का भव्य दरबार, भजन संध्या के साथ परिचय सम्मेलन और दाल-बाटी महाप्रसाद का आयोजन

आगरा। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर के एसी हॉल में रविवार को भक्ति, संगीत और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट (रजि.) की ओर से परिचय सम्मेलन, ‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ भजन संध्या एवं दाल-बाटी महाप्रसाद का आयोजन किया गया। अखंड ज्योति के समक्ष सांवरिया सेठ का भव्य दरबार सजाया गया। जैसे-जैसे भजन संध्या आगे बढ़ी, पूरा मंदिर परिसर सांवरिया सेठ के जयकारों और भक्तिमय स्वर लहरियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान रहीं। उन्होंने नवगठित श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की कामना की।

भजनों पर देर तक झूमते रहे श्रद्धालु

भजन संध्या में कलाकार विकास वर्मा, प्रीति शर्मा और सूर्यांश गहलोत ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन शुरू होते ही भक्तों में उत्साह दिखाई दिया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथ उठाकर सांवरिया सेठ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते नजर आए। भजन ‘मेरा बंगला, मेरी गाड़ी, सब कुछ है तेरा सरकार, मेरा तो कुछ भी नहीं...’ की स्वर लहरियां गूंजते ही भक्त भाव-विभोर हो गए। इसके बाद ‘सांवरिया है सेठ, मेरी राधा जी सेठानी है...’ और ‘सुन ले ओ सांवरिया, मुझे तेरा ही सहारा है...’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

वहीं ‘सांवरिया ले चल पल्ली पार...’ और ‘सांवली सूरत पे मोहन, दिल दीवाना हो गया...’ जैसे भजनों ने माहौल को और अधिक भावपूर्ण बना दिया। भजन संध्या का विशेष आकर्षण ‘मन चल वृंदावन...’ रहा। इसकी धुन पर सांवरिया भक्त देर तक झूमते रहे। पूरे मंदिर परिसर में लगातार ‘जय श्री श्याम’ का जयघोष गूंजता रहा। भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने सांवरिया सेठ के दर्शन किए और सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं मंगलकामना की। मंदिर में सजे भव्य दरबार और अखंड ज्योति के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

‘भक्ति के साथ सेवा’ को आगे बढ़ाने का संकल्प

समिति के संस्थापक विकास मित्तल ने कहा कि सांवरिया सेठ की भक्ति मन को जोड़ने के साथ परिवारों और समाज को भी एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। संस्था की स्थापना के साथ परिचय सम्मेलन आयोजित करने का उद्देश्य समिति से जुड़े परिवारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना है, ताकि वे एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बन सकें और सेवा एवं भक्ति की भावना को आगे बढ़ाएं। अध्यक्ष सियाराम पवन कुमार ने कहा कि ‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ केवल भजन संध्या नहीं, बल्कि भक्तों के बीच आपसी स्नेह, आत्मीयता और सामाजिक एकता का उत्सव है। ऐसे आयोजनों से परिवारों और समाज के बीच जुड़ाव मजबूत होता है।

महामंत्री नीरज वर्मा ने बताया कि समिति आने वाले समय में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों को भी विस्तार देगी। निर्धन एवं जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सांवरिया सेठ की भक्ति तभी सार्थक है, जब उसके साथ जरूरतमंदों की सेवा की भावना भी जुड़ी हो।

कार्यवाहक अध्यक्ष अविनाश राणा ने कहा कि सांवरिया सेठ के दरबार में आने वाला प्रत्येक भक्त अपनेपन का अनुभव करता है। भजन, दर्शन और महाप्रसाद के माध्यम से भक्तों को एक मंच पर जोड़ने तथा उनमें सेवा और भक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।

परिचय सम्मेलन में बढ़ा पारिवारिक जुड़ाव

कार्यक्रम के दौरान समिति के पारिवारिक सदस्यों एवं अतिथियों के लिए परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें सदस्यों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और आपसी सामाजिक एवं पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश दिया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि परिचय सम्मेलन का उद्देश्य केवल परिचय कराना नहीं, बल्कि परिवारों के बीच आत्मीय संबंध विकसित करना भी है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से दाल-बाटी महाप्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन के साथ महाप्रसाद ने कार्यक्रम को सामूहिक सहभागिता और अपनत्व का स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर समिति के संस्थापक विकास मित्तल, अध्यक्ष सियाराम पवन कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष अविनाश राणा, महामंत्री नीरज वर्मा, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष वाईपी गुप्ता, संरक्षक मोहन गर्ग, अभय गुप्ता, आशीष सक्सेना, उपाध्यक्ष रीतेश गुप्ता, अतुल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, मंत्री अमित अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, उमेश यादव, डिंपू चौधरी सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।