आगरा कॉलेज में हिंदी पखवाड़े का समापन, युवाओं से सम्यक हिंदी प्रयोग का आह्वान, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार
आगरा। आगरा कॉलेज के हिंदी विभाग द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़े का बुधवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक प्रो. हरिशंकर ने युवाओं से हिंदी भाषा का सम्यक प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास के लिए जरूरी है कि युवा भाषा का सही और प्रभावी इस्तेमाल करें। उन्होंने हिंदी के विकास में केंद्रीय हिंदी संस्थान की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

हिंदी पखवाड़े में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करते अतिथिगण।

समापन समारोह में छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। विचार अभिव्यक्ति के क्रम में परास्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा निशा शर्मा, सिमरन तथा छात्र अंजल प्रकाश ने अपने सारगर्भित विचार रखे। संगीत और संस्कृति से सजे आयोजन में शोधार्थी कीर्ति किरन सुन्यानी ने सुंदर गीत प्रस्तुत किया। शोधार्थी रविंद्र कुमार और ज्योति मित्तल ने अपनी काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रो. शशिकांत पांडे ने भी अपने विचार रखे।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि प्रो. हरिशंकर और समारोह के अध्यक्ष ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी सुप्रभा कुमारी ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता रानी घोष ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में प्रो. ममता सिंह, प्रो. चंद्रशेखर शर्मा, प्रो. वंदना, प्रो. विजय कुमार सिंह, प्रो. शेफाली चतुर्वेदी, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. संध्या यादव, प्रो. उमाशंकर चौबे, राम प्रकाश पाल तथा प्रो. शशिकांत पांडे की मौजूदगी रही।