हाइब्रिड इनवर्टर से सोलर में बिल बचत के साथ पावर बैकअप भी, आगरा में वेंडर्स को दी गई जानकारी
आगरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में अब सौर ऊर्जा के साथ बैटरी बैकअप पर भी जोर दिए जाने की तैयारी है। इसी को लेकर आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के तत्वावधान में माइडिया एनर्जी ने शुक्रवार को होटल होलीडे इन में सौर ऊर्जा जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की। इसमें आगरा और आसपास के जिलों से पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत पंजीकृत 200 से अधिक वेंडर्स शामिल हुए। उन्हें हाइब्रिड इनवर्टर की उपयोगिता और आगामी पीएम सूर्य घर योजना 2.0 की संभावित जरूरतों की जानकारी दी गई।
आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जैसवाल ने कहा कि अभी तक बिना बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। बिजली जाने पर ऑन-ग्रिड सिस्टम भी बंद हो जाता है। ग्रिड को संतुलित रखने के लिए बैटरी बैकअप वाले सिस्टम की जरूरत बढ़ रही है। पीएम सूर्य घर योजना 2.0 में बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम को अनिवार्य किया जा सकता है, इसलिए हाइब्रिड इनवर्टर समझदारी वाला विकल्प है।
सोलर, बैटरी और ग्रिड तीनों से चलेगा सिस्टम
पीओ-नेडा प्रेमचंद और माइडिया एनर्जी के कंट्री हेड प्रवीन शर्मा ने बताया कि हाइब्रिड इनवर्टर सोलर, बैटरी और ग्रिड तीनों को जोड़कर काम करता है। दिन में सोलर से घर चलता है और बैटरी चार्ज होती है। बिजली जाने पर बैटरी से घर की जरूरत पूरी की जा सकती है और सिस्टम की क्षमता के अनुसार एसी भी चल सकता है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ पावर बैकअप भी मिलता है।
डीवीवीएनएल के जितेंद्र कुमार, माइडिया के इंटरनेशनल सेल्स मैनेजर मिडो (चीन) और ग्लोबल ट्रेनिंग मैनेजर पीयूष चौधरी ने सामान्य ऑन-ग्रिड और हाइब्रिड इनवर्टर का अंतर समझाया।
मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य जन-जन को अबाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के साथ बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है। अधिक बिजली उत्पादन की स्थिति में आमजन बिजली बेचकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के संरक्षक एवं नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, माइडिया एनर्जी के सर्विस हेड सुशील कुमार और रीजनल सेल्स मैनेजर राकेश मिश्रा ने वेंडर्स से पीएम सूर्य घर योजना 2.0 के लिए अभी से तैयार रहने तथा उपभोक्ताओं को हाइब्रिड सोलर प्लांट के फायदे बताने की अपील की।
माइडिया एनर्जी के क्षेत्रीय वितरक राशि एंटरप्राइजेज के एमडी अयान जैसवाल ने स्वागत और आभार व्यक्त किया। संजीव जैन और दीप गुप्ता भी उपस्थित रहे।