अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन, इन 11 खिलाड़ियों को मिलेगा मौका!
भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत की टीम मुल्लांपुर पहुंच चुकी है।
नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाना है। इस टेस्ट मैच के लिए दोनों टीमों का एलान हो चुका है। भारतीय टीम में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है। जसप्रीत बुमराह को इस टेस्ट मैच में रेस्ट दिया गया है। वहीं शुभमन गिल टीम इंडिया को लीड करेंगे। मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार जैसे युवा खिलाड़ियों को इस टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है।
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पारी का आगाज कर सकते हैं। केएल राहुल को अब भारत की टेस्ट टीम का उपकप्तान भी बना दिया गया है। वह मिडिल ऑर्डर में भी खेले हैं, लेकिन ओपनर के तौर पर वह सबसे सफल रहे हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें ओपनिंग करने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
तीन नंबर के लिए दो बल्लेबाजों में लड़ाई है। देवदत्त पडिक्कल या साई सुदर्शन, किसे मौका मिलेगा, यह बताना आसान नहीं है। दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं. कप्तान शुभमन गिल साई सुदर्शन को मौका दे सकते हैं, क्योंकि वह पहले इस पोजीशन पर खेले हैं. वहीं कप्तान शुभमन गिल का चार नंबर पर खेलना तय है. गिल टीम इंडिया की बल्लेबाज की रीढ़ हैं.
मिडिल ऑर्डर में पांच नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का खेलना तय है. पंत भले ही आईपीएल 2026 में कुछ खास नहीं रह सके, लेकिन टेस्ट में वह बेस्ट हैं। इसके बाद छह नंबर पर ध्रुव जुरेल को मौका मिल सकता है। सात नंबर पर नितीश कुमार रेड्डी और आठ नंबर पर वाशिंगटन सुंदर का खेलना तय है। इसके बाद गेंदबाजी में कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा एक्शन में दिख सकते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।