भगत सिंह की जयंती पर गूंजा इंकलाब जिंदाबाद, मेट्रो स्टेशन के नामकरण की मांग फिर उठी

आगरा। अमर बलिदानी सरदार भगत सिंह की जयंती पर पंजाबी सभा आगरा महानगर ने नूरी दरवाजा स्थित उनकी प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण किया और पेठा बाजार व राहगीरों के बीच मिष्ठान वितरित कर उन्हें याद किया। सभा के महानगर अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भगत सिंह के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ आगरा कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज के मध्य निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन का नाम सरदार भगत सिंह के नाम पर रखने की पुरानी मांग फिर उठाई गई।

Sep 27, 2026 - 21:09
 0
भगत सिंह की जयंती पर गूंजा इंकलाब जिंदाबाद, मेट्रो स्टेशन के नामकरण की मांग फिर उठी
जयंती पर अमर शहीद सरदार भगत सिंह को याद करते पंजाबी सभा के पदाधिकारी।

पंजाबी सभा आगरा महानगर के पदाधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों ने प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पहले स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान इंकलाब जिंदाबाद, भगत सिंह अमर रहे और भगत तेरा आजादी में योगदान भूलेगा नहीं हिंदुस्तान जैसे नारों से नूरी दरवाजा बाजार गूंज उठा। बाद में बाजार में मिष्ठान वितरित कर भगत सिंह की जयंती की खुशियां साझा की गईं।

पंजाबी सभा के अनुसार, पिछले 30 वर्षों से 27 सितंबर को नूरी दरवाजा स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर उनका जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इस परंपरा के तहत इस बार भी सभा के सदस्यों, पदाधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान आगरा के निवासियों, देशप्रेमियों और पंजाबी सभा आगरा महानगर के सदस्यों की ओर से आगरा कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज के मध्य बन रहे मेट्रो स्टेशन का नाम सरदार भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग दोहराई गई। सभा के सदस्यों ने कहा कि भगत सिंह के जीवन और उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेते हुए जीवन को राष्ट्रहित के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया गया।

सभा ने इस मांग को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह करने की रणनीति बनाने का भी निर्णय लिया।

कार्यक्रम में पंजाबी सभा आगरा महानगर के कोषाध्यक्ष सुरेश भांबरी, विश्वनाथ जुनेजा, जगदीश बत्रा, रोहित कत्याल, अश्वनी खन्ना, यशपाल गोगिया, नंदी महाजन, चंद्रवीर फौजदार, विकास कुंद्रा, राहुल बागला, अमित कौरा, अंकित मल्होत्रा, गौरव अरोरा और अभिषेक कपूर आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor