ठलुआगीरी में छिपी प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 11 अक्टूबर को आगरा में ऑडिशन, देशी भाषा के कलाकारों को आगे लाने की पहल, कविता-शायरी से आगे मल्टीटैलेंट प्रतिभाओं की भी होगी तलाश

आगरा। साधन और बड़े मंच के अभाव में गुमनामी में खो रही प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए ठलुआगीरी टैलेंट शो का आयोजन किया जा रहा है। प्रशस्ति फाउंडेशन के बैनर तले होने वाले इस प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत 11 अक्टूबर को आगरा में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले ऑडिशन में आगरा और आसपास के क्षेत्र के छिपे हुनर को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। ऑडिशन से संबंधित विस्तृत जानकारी मोबाइल नंबर 8006009990 पर प्राप्त की जा सकती है।

Sep 28, 2026 - 03:17
 0
ठलुआगीरी में छिपी प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 11 अक्टूबर को आगरा में ऑडिशन, देशी भाषा के कलाकारों को आगे लाने की पहल, कविता-शायरी से आगे मल्टीटैलेंट प्रतिभाओं की भी होगी तलाश
प्रशस्ति फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित होने जा रहे ठलुआगीरी टैलेंट शो के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते आयोजकगण।

रविवार को होटल भावना क्लार्क इन में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में प्रशस्ति फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुमार मनोज ने बताया कि देशी और क्षेत्रीय भाषाओं में काम करने वाले कलाकारों को बड़े मंच आसानी से नहीं मिल पाते। ऐसे में उनकी प्रतिभा धीरे-धीरे गुमनामी में खो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन पिछले 10 वर्षों से प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के फेसबुक पेज और यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से अब तक विभिन्न प्रतिभाओं को मंच दिया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े करीब 30 लाख फॉलोअर के परिवार के माध्यम से कई कलाकारों को पहचान मिली। इनमें से कई प्रतिभाएं आज लाखों रुपये कमा रही हैं और बड़े मंचों पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही हैं।

डॉ. कुमार मनोज ने कहा कि अब तक कविता और शायरी जैसी प्रतिभाओं को प्रमुखता से मंच मिलता रहा है, लेकिन कई अन्य हुनर पीछे छूट जाते हैं। इन्हीं प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से इस बार मल्टीटैलेंट प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।

अक्टूबर में आगरा के अलावा कानपुर और लखनऊ में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। आगरा ऑडिशन में निर्णायक की भूमिका कवि पवन आगरी, सुपर मॉडल हेमा बैजल और म्युजिशियन विक्रम शुक्ला निभाएंगे।

आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के अलावा कॉर्डिनेटर संजय बैजल, फिल्म निर्देशक यासीन खान और फिल्म अभिनेत्री सरजू यादव मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor