रामकाज के साथ मानव सेवा का संदेश, जनकपुरी महोत्सव में पहली बार लगा रक्तदान शिविर

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी है। भवना एस्टेट स्थित समिति कार्यालय पर पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया। लोकहितम ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में स्थानीय लोगों, समिति पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 44 यूनिट रक्तदान हुआ। समिति अध्यक्ष राजू यादव ने इसे भगवान श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप मानव सेवा की पहल बताया।

Sep 27, 2026 - 20:29
 0
रामकाज के साथ मानव सेवा का संदेश, जनकपुरी महोत्सव में पहली बार लगा रक्तदान शिविर
भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी कार्यालय पर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा लगाए गए विशाल रक्तदान शिविर में उपस्थित मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह। साथ हैं अध्यक्ष राजू यादव, मनोज जादौन, धर्मेश जैन, आकाश गोयल ग्वाला, राणा सुशील सिंह आदि।

आगरा। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा इस बार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को भवना एस्टेट स्थित समिति के कार्यालय पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जनकपुरी महोत्सव आयोजन के इतिहास में यह पहली बार है, जब महोत्सव समिति की ओर से मानव सेवा के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

लोकहितम ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में दिया गया रक्त अमूल्य योगदान होता है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ समाजसेवा को जोड़ना सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति का यह प्रयास मानव सेवा की भावना को नई दिशा देने वाला है।

शिविर में स्थानीय लोगों, समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर रामकाज के साथ मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 44 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन में योगदान देना स्वयं में संतोष और पुण्य का कार्य है।

अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी समिति का दायित्व है। पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से समिति ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि भगवान श्रीराम के आदर्शों में मानव सेवा और परोपकार का भी महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने रक्तदाताओं, लोकहितम ब्लड बैंक की टीम तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त संग्रह की प्रक्रिया लोकहितम ब्लड बैंक की टीम द्वारा की गई। समिति पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया और उन्हें मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, आशीष सक्सेना, लोकेंद्र कुमार संत, सतीश ठाकुर, धीरज शर्मा, गणेश बंसल, नरेंद्र शर्मा, मुकेश अग्रवाल, प्रवीन जैन, अनुज भारद्वाज, भोले शंकर चौहान, अनुज गुप्ता, महिला मंडल से अमृता पोरवाल, वानी चौहान, निधि मंगल, शालिनी पोरवाल, मिशी यादव, प्रियंका ठाकुर, दीक्षा, शिवानी अग्रवाल, नीलम सिंह आदि उपस्थित रहीं।