मेरी जांघों को सिगरेट से जलाया गया,टीवी अभिनेत्री नीति टेलर का दर्दनाक खुलासा
अमेजन प्राइम के रियलिटी शो 'अलायंस' में टीवी अभिनेत्री नीति टेलर ने अपनी निजी जिंदगी का बेहद दर्दनाक अनुभव साझा किया। उन्होंने खुलासा किया कि उनके पूर्व बॉयफ्रेंड ने उन्हें कई जगह सिगरेट से जलाया था और उनके साथ मारपीट भी की थी। नीति ने कैमरे पर अपनी जांघों पर मौजूद निशान भी दिखाए और बताया कि हिंसा की उस घटना के बाद उन्होंने तुरंत रिश्ता खत्म कर दिया।
मुबंई। रियलिटी शो 'अलायंस' का नया एपिसोड इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। इसकी वजह कोई टास्क या एलिमिनेशन नहीं, बल्कि टीवी अभिनेत्री नीति टेलर का वह भावुक और चौंकाने वाला खुलासा है, जिसने शो में मौजूद सभी कंटेस्टेंट्स को स्तब्ध कर दिया है।
बातचीत के दौरान नीति टेलर ने अपनी निजी जिंदगी के उस दर्दनाक अध्याय का जिक्र किया, जिसे उन्होंने वर्षों तक अपने भीतर दबाकर रखा। उन्होंने बताया कि उनके पूर्व बॉयफ्रेंड ने उनके साथ न सिर्फ शारीरिक हिंसा की, बल्कि सिगरेट से उनकी जांघों को कई जगह जलाया था। उन जख्मों के निशान आज भी उनके शरीर पर मौजूद हैं।
कैमरे पर दिखाए जख्म
शो में मौजूद रूही दोसांझ, मिनी माथुर और डेजी शाह से बातचीत करते हुए नीति ने अपनी जांघों पर बने निशान दिखाए। उन्होंने कहा, "मेरे एक्स बॉयफ्रेंड ने मुझे सिगरेट से जलाया था।"
यह सुनते ही मिनी माथुर हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत पूछा, "ये क्या बकवास है?" जब बाकी कंटेस्टेंट्स ने जानना चाहा कि कहीं यह हादसा गलती से तो नहीं हुआ, तो नीति ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं था। उन्होंने बताया कि उनका पूर्व बॉयफ्रेंड बेहद हिंसक स्वभाव का था और जानबूझकर उन्हें सिगरेट से जलाता था।
जन्मदिन पर हुई थी सबसे दर्दनाक घटना
नीति ने बताया कि यह घटना उनके एक्स बॉयफ्रेंड के जन्मदिन के दिन हुई थी। उस दिन उसने एक नहीं, बल्कि कई बार सिगरेट से उनकी जांघों पर निशान बनाए। इतना ही नहीं, उसी दिन उनके साथ मारपीट भी की गई और उन्हें थप्पड़ मारा गया।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें एहसास हुआ कि यह रिश्ता अब सुरक्षित नहीं है, तो उन्होंने उसी के बाद अपने पार्टनर से हमेशा के लिए अलग होने का फैसला कर लिया। बातचीत के दौरान नीति ने अपनी जांघों पर बने करीब पांच निशानों की ओर इशारा करते हुए बताया कि ये सभी उसी हिंसक घटना की याद दिलाते हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
एपिसोड स्ट्रीम होने के बाद नीति टेलर का यह खुलासा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि घरेलू हिंसा और टॉक्सिक रिश्तों पर खुलकर बात करना बेहद जरूरी है। वहीं कई लोगों ने उनके दर्दनाक अनुभव पर दुख भी जताया।
क्या है 'अलायंस'?
'अलायंस' अमेजन प्राइम वीडियो का नया रियलिटी शो है, जिसकी शुरुआत 26 जून से हुई। शो का कॉन्सेप्ट प्रतिभागियों के बीच गठजोड़ (Alliance) बनाने और रणनीति के दम पर आगे बढ़ने पर आधारित है। शो में शुरुआत में आठ जोड़ियां शामिल हुई थीं। इनमें रवि किशन अपनी बेटी रीवा के साथ नजर आए थे, हालांकि वह शुरुआती दिनों में ही बाहर हो गए। शो में निखिल चिनप्पा, कुशल टंडन, अर्सलान गोनी, रूही दोसांझ, डॉली जावेद, पायल और मिनी माथुर समेत कई चर्चित चेहरे हिस्सा ले रहे हैं। पहले सप्ताह वंशज शो से एलिमिनेट हुए, जबकि अब अगू, वृद्धि पटवा और सोहेल खान वाइल्ड कार्ड एंट्री के रूप में शामिल हो चुके हैं। शो की मेजबानी अभिनेता कुणाल खेमू कर रहे हैं।