आगरा के एमएसएमई को विस्तार की नई राह, ग्रोथ-स्टेज कारोबारों के लिए बना साझा मंच, सीईओ ग्रोथ राउंडटेबिल में नए बाजार, ग्राहक वर्ग, मजबूत सिस्टम, टीम निर्माण और कारोबार विस्तार पर हुआ मंथन
आगरा। आगरा के ग्रोथ-स्टेज कारोबारों को विस्तार के लिए जरूरी मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेशनल चैम्बर और नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (एनईएन) की ओर से वाधवानी फाउंडेशन के सहयोग से ‘वाधवानी एक्सेलरेट सीईओ ग्रोथ राउंडटेबिल’ आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न उद्योगों के उद्यमियों, सीईओ, संस्थापकों और कारोबारी नेतृत्वकर्ताओं ने कारोबार को अगले स्तर तक ले जाने की रणनीतियों पर चर्चा की।
राउंडटेबिल में व्यवसाय विस्तार, नए बाजारों और ग्राहक वर्गों तक पहुंच, मजबूत सिस्टम एवं टीम निर्माण, वित्त, तकनीक और परिचालन दक्षता जैसे विषयों पर मंथन हुआ। प्रतिभागियों ने कारोबार विस्तार में आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रोथ-स्टेज व्यवसायों की विकास योजनाओं को स्पष्ट प्राथमिकताओं, मजबूत प्रणालियों और अनुशासित क्रियान्वयन के जरिए धरातल पर उतारने में सहयोग देना रहा। इसके माध्यम से आगरा और आसपास के एमएसएमई के लिए सहयोगात्मक ग्रोथ इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर दिया गया। स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर तलाशने, विस्तार की बाधाओं को दूर करने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने में सहयोग देने की बात कही गई।
एक्सेलरेट-यूपी-एनसीआर इकोसिस्टम की इकोसिस्टम एक्टिवेशन लीड वीना हनमसागर, एनईएन की प्रोग्राम लीड-वाधवानी एक्सेलरेट, एनसीआर इकोसिस्टम तरुणा कुमार और नीता प्रसाद ने कारोबार विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। चर्चा में आगरा के मैन्युफैक्चरिंग, लेदर, फुटवियर, पर्यटन और सहायक उद्योगों से जुड़े व्यवसायों के लिए आपसी अनुभव से सीखने और दीर्घकालीन विकास रणनीति तैयार करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क के कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में 10 हजार से अधिक एसएमई को सहयोग दिया जा चुका है। यह पूर्णतः वित्तपोषित कार्यक्रम है और प्रतिभागी व्यवसायों से कोई शुल्क या इक्विटी नहीं ली जाती।
नेशनल चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि आगरा के एमएसएमई में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार विस्तार की पर्याप्त क्षमता है। जरूरत सही मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक, मजबूत प्रबंधन प्रणाली, वित्तीय संसाधन और नए बाजारों तक पहुंच के अवसर उपलब्ध कराने की है। उद्योग जगत, सरकार और विशेषज्ञ संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय से एमएसएमई को विकास के अधिक प्रभावी अवसर मिल सकते हैं।
तरुणा कुमार ने कहा कि आगरा के उद्यमियों में वर्तमान बाजारों से आगे बढ़ने की महत्वाकांक्षा है। चुनौती अवसर को स्पष्ट योजना और अनुशासित क्रियान्वयन में बदलने की है। वाधवानी एक्सेलरेट के माध्यम से व्यवसायों को विशेषज्ञता, टूल्स और क्रियान्वयन संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
एनईएन ट्रस्ट स्वतंत्र, गैर-लाभकारी संस्था है, जो उद्यमिता, नवाचार और उद्यम विकास को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है। इसका मुख्यालय बेंगलुरु में है। एनईएन शैक्षणिक संस्थानों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, एसएमई, मेंटर्स, इन्वेस्टर्स, इकोसिस्टम पार्टनर्स और सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर क्षमता निर्माण, एआई-सक्षम प्लेटफॉर्म, व्यवसाय विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य करता है। एनईएन ट्रस्ट को वाधवानी ऑपरेटिंग फाउंडेशन का सहयोग एवं वित्तीय समर्थन प्राप्त है।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मनोज कुमार बंसल, सीताराम अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, राजीव अग्रवाल, सचिन सारस्वत, सुरेश चंद बंसल, अनुज अशोक, धर्मगोपाल मित्तल, मयंक मित्तल, अजय गुप्त रंगीला, दिनेश अग्रवाल, चन्दवीर सिंह फौजदार, प्रशांत जैन, गोपाल खंडेलवाल और सतीश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।