चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी: आगरा कैंट पर मुस्तैद मेडिकल टीम ने संभाली कमान, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

आगरा। चलती ट्रेन में मंगलवार को एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और मेडिकल टीम तत्काल सक्रिय हो गई। ट्रेन के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचते ही डॉक्टरों और नर्सों ने मां और नवजात की स्वास्थ्य जांच की। प्राथमिक परीक्षण में दोनों की स्थिति सामान्य मिलने पर उन्हें आगे की चिकित्सकीय देखभाल के लिए रेलवे अस्पताल भेज दिया गया।

Aug 4, 2026 - 18:11
 0
चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी: आगरा कैंट पर मुस्तैद मेडिकल टीम ने संभाली कमान, जच्चा-बच्चा सुरक्षित
चलती ट्रेन में बच्चे को जन्म देने के बाद आगरा छावनी स्टेशन पर जच्चा-बच्चा की देखभाल करतीं रेलवे अधिकारी।

जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान फर्रुखाबाद की गर्भवती महिला माधुरी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत देखकर पति व अन्य सहयात्रियों ने तुरंत ट्रेन के टीटीई और रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल को संदेश भेजा गया और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मेडिकल टीम को पहले से ही तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

रेलवे अधिकारियों के बीच समन्वय के चलते ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही डॉक्टर, नर्स और आवश्यक चिकित्सा उपकरण प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिए गए। उधर साबरमती-आगरा एक्सप्रेस के छावनी स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन में ही महिला को प्रसव हो चुका था। ट्रेन रुकते ही चिकित्सा दल ने महिला और नवजात की जांच की। दोनों स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें एंबुलेंस से रेलवे अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में आगे की देखभाल की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रसव के दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए महिला की हरसंभव सहायता की। महिला यात्रियों ने सहयोग कर सुरक्षित माहौल बनाया, जबकि रेलवे स्टाफ लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली लगातार सक्रिय रहती है। सूचना मिलते ही संबंधित स्टेशन पर मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे यात्रियों को समय पर उपचार मिल सके।

इस घटना में समय पर मिली चिकित्सा सहायता और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता के कारण मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। चलती ट्रेन में जन्मे इस शिशु की किलकारी ने कुछ देर के लिए पूरे कोच का माहौल भावुक और खुशियों से भर दिया। यात्रियों ने भी रेलवे प्रशासन और चिकित्सा टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

SP_Singh AURGURU Editor