थप्पड़कांड पर बोले प्रवेश वर्मा, युवक ने मेरे परिवार को गाली दी, आप विधायक ने मांगा था कमीशन
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार किया है। आप ने उनका एक वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि प्रवेश वर्मा ने सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारा है। आम आदमी पार्टी के इस आरोप पर पलटवार करते हुए प्रवेश वर्मा ने तिलक नगर के आप विधायक जरनैल सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
नई दिल्ली। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार किया है। आप ने उनका एक वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि प्रवेश वर्मा ने सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारा है। आम आदमी पार्टी के इस आरोप पर पलटवार करते हुए प्रवेश वर्मा ने तिलक नगर के आप विधायक जरनैल सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि एक वीडियो जो आम आदमी पार्टी वाले चला रहे हैं, उसके पीछे की सच्चाई जान लीजिए। जरनैल सिंह के कार्यकर्ताओं ने मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया तो कोई भी व्यक्ति आवेश में आकर जो करेगा, वो मैंने किया।
विधायक जरनैल सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर्स को कहा था कि हमें सड़क के ठेकेदारों से मिलवाइए और उनसे कमीशन दिलवाइए। जरनैल सिंह काफी दिनों से उन्हें ये सब बोल रहे थे। हमारे इंजीनियर ने उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन में जाकर कंप्लेंट दी है, हम उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। जब जरनैल सिंह को कोई कमीशन नहीं मिला तो जैसे ही रात को रोड डलती थी, वो सुबह जाकर उसे उखाड़ने का काम करते थे और करप्शन होने का वीडियो बनाकर डाल रहे थे।
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि विकासपुरी रिंग रोड के ऊपर पिछले कई दिनों से रोड बनाने का काम चल रहा है। आज जब मैं उस रास्ते से गुजर रहा था तो मैंने इंजीनियर्स को कहा कि मैं पूरे काम को देखना चाहता हूं। मैंने वहां जाकर देखा कि काम बहुत अच्छे से चल रहा है। मैंने तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को 3 बार फोन किया। मैंने पूरे 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। मैंने वहां के अपने कार्यकर्ताओं को नहीं बुलाया। लेकिन जब जरनैल सिंह पहुंचे तो वो अपने कार्यकर्ताओं को सूचना देकर आए थे। उन्होंने आते ही वहां पर बद्तमीजी शुरू कर दी।